Bihar Assembly Election 2025: भारतीय निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने मंगलवार को बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का ब्योरा जारी करते हुए पूरे देश को चौंका दिया। 243 सीटों वाले इस मेगा इवेंट को मात्र दो चरणों में संपन्न करने का फैसला लिया गया है, जो 2020 के पांच चरणों से काफी कम है। पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को 121 सीटों पर होगा, जिसमें पटना, वैशाली, बेगूसराय जैसे संवेदनशील जिले शामिल हैं। दूसरे चरण में बाकी 122 सीटें 11 नवंबर को वोटिंग के दायरे में आएंगी। मतगणना दोनों चरणों के लिए एक साथ 14 नवंबर को होगी।
बिहार में 17 नए प्रयोग
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “यह चुनाव पारदर्शिता और शांति का प्रतीक बनेगा। हम 17 नए प्रयोग कर रहे हैं, ताकि हर वोट की कीमत बचे।”ईसीआई के इस ऐलान के साथ ही बिहार में आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) लागू हो गई है, जो सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों के लिए कड़ा इम्तिहान साबित होगी।
अचार संहिता लागू
आचार संहिता के तहत राज्य सरकार के सभी बड़े फैसले, जैसे नए प्रोजेक्टों का शिलान्यास, सरकारी विज्ञापनों का खर्च और मंत्रियों के दौरे पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। आयोग ने साफ शब्दों में कहा कि कोई भी सरकारी संसाधन चुनाव प्रचार में इस्तेमाल नहीं होगा। उल्लंघन पर तत्काल कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा, नकदी, शराब और ड्रग्स की तस्करी पर नजर रखने के लिए सभी चेकपोस्ट्स पर सख्त निगरानी होगी। मुख्य आयुक्त ने बताया कि 243 सामान्य पर्यवेक्षक, 38 पुलिस पर्यवेक्षक और 67 खर्च पर्यवेक्षक तैनात किए जाएंगे, जो सभी राज्य के बाहर से होंगे। ये ‘आयोग के आंख-कान’ की भूमिका निभाएंगे।
SIR से क्या होगा बदलाव
विशेष गहन संशोधन (एसआईआर) अभियान के तहत मतदाता सूची का सफाई कार्य 24 जून 2025 से चल रहा है, जिसकी आलोचना विपक्ष ने की थी। ईसीआई का दावा है कि 7.2 करोड़ मतदाताओं में से 98 प्रतिशत ने दस्तावेज जमा कर दिए हैं। नए मतदाताओं के लिए 11 वैध दस्तावेजों की छूट दी गई है, लेकिन आधार को वैकल्पिक बनाया गया है। विपक्षी दलों ने आरोप लगाया कि यह अभियान प्रवासी मजदूरों को वोट से वंचित कर सकता है, लेकिन आयोग ने इसे ‘संवैधानिक और कानूनी’ बताते हुए फर्जी खबरों पर सख्ती का वादा किया। सोशल मीडिया पर फेक न्यूज फैलाने वालों के खिलाफ तुरंत एक्शन लिया जाएगा।
EVM पर नये निर्देश
चुनावी तैयारियों में ईसीआई ने ईवीएम पर भी नए दिशानिर्देश जारी किए हैं। उम्मीदवारों की रंगीन फोटो वाली बैलट पेपर अनिवार्य होंगी, ताकि वोटरों को गलती न हो। सीरियल नंबर वाली ईवीएम्स से ट्रैकिंग आसान होगी। दुर्गम इलाकों में 1100 पोलिंग स्टेशनों पर घुड़सवार गश्त होगी। 14 लाख नए युवा मतदाता और 14 हजार 100 वर्ष से अधिक उम्र के वोटर पहली बार भाग लेंगे। कुल 7.5 करोड़ से ज्यादा मतदाता भागीदारी की उम्मीद है।
राजनीतिक दलों में हड़कंप
राजनीतिक दलों में हड़कंप मच गया है। एनडीए (बीजेपी-जेडीयू) और इंडिया गठबंधन (आरजेडी-कांग्रेस) ने नामांकन की तैयारी तेज कर दी है। प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी पहली बार मैदान में उतरेगी। नीतीश कुमार ने कहा, “हम विकास के एजेंडे पर लड़ेंगे।” वहीं, तेजस्वी यादव ने युवाओं पर फोकस किया। ईसीआई के सख्त कदमों से उम्मीद बंधी है कि बिहार का यह चुनाव निष्पक्षता की मिसाल बनेगा। आयोग ने सभी दलों से अपील की कि वे शांति बनाए रखें।