Haryana CM Japan Visit: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तीन दिवसीय जापान यात्रा पर हैं। दौरे के पहले दिन, सोमवार को उन्होंने टोक्यो पहुंचकर जापान के सबसे प्राचीन और प्रसिद्ध सेंसोजी मंदिर में दर्शन किए और जापानी संस्कृति से जुड़ाव प्रकट किया।
जापान के राज्यमंत्री से की मुलाकात
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हरियाणा के प्रतिनिधिमंडल ने जापान सरकार के अधिकारियों से औपचारिक मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने जापान के विदेश मामलों के राज्यमंत्री मियाजी ताकुमा से मुलाकात की और हरियाणा तथा जापान के बीच आर्थिक व सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा की। मुख्यमंत्री सैनी ने जापान सरकार को हरियाणा ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2026 में आमंत्रित भी किया।
हरियाणा-जापान संबंधों को नई ऊर्जा
इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य हरियाणा में विदेशी निवेश को बढ़ावा देना और राज्य के औद्योगिक विकास को गति देना है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री सैनी ने जापान की अग्रणी तकनीकी कंपनियों टीडीके कॉर्पोरेशन और एटीएल बैटरी से भी मुलाकात की। ये कंपनियां हरियाणा के सोहना स्थित ईएमसी क्षेत्र में देश का सबसे बड़ा लिथियम-आयन बैटरी प्लांट स्थापित कर रही हैं। इस दौरान हरियाणा में भविष्य के निवेश अवसरों को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई।
रोहतक में बनेगी मेगा परियोजना
इस दौरे की एक बड़ी उपलब्धि के रूप में, हरियाणा सरकार और जापान की वैश्विक सामग्री निर्माण कंपनी सेरेन कंपनी लिमिटेड के बीच एक 220 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली मेगा परियोजना के लिए समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। यह परियोजना रोहतक में स्थापित की जाएगी और इससे राज्य में 1,700 से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। इस समझौते को हरियाणा के विनिर्माण क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का यह दौरा न केवल निवेश को आकर्षित करने की दिशा में एक रणनीतिक प्रयास है, बल्कि इससे हरियाणा-जापान साझेदारी को भी नई मजबूती मिलने की उम्मीद है। 6 से 8 अक्टूबर तक चलने वाले इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ओसाका में भी कई निवेशक बैठकों और कार्यक्रमों में भाग लेंगे।