PM Modi Odisha visit: (भुवनेश्वर): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 सितंबर को ओडिशा का दौरा करेंगे। इस दौरान वह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ओडिशा के ब्रह्मपुर से गुजरात के सूरत जिले के उधना तक चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। साथ ही वे 1,700 करोड़ रुपये से अधिक की रेलवे परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री झारसुगुड़ा के अमलीपाली मैदान में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। पहले यह सभा ब्रह्मपुर (गंजाम जिला) में आयोजित होने वाली थी, लेकिन मौसम विभाग द्वारा दक्षिण ओडिशा में भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए इसे झारसुगुड़ा स्थानांतरित कर दिया गया।
रेलवे क्षेत्र को देंगे बड़ी सौगात
अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ओडिशा में कई बड़ी रेल परियोजनाओं की सौगात देंगे। इनमें कोरापुट से बैगुडा के बीच 34 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन और मनाबर-कोरापुट-गोरपुर रेलखंड के 82 किलोमीटर लंबे हिस्से के दोहरीकरण का उद्घाटन शामिल है। इन दोनों परियोजनाओं की कुल लागत लगभग 1,400 करोड़ रुपये है। अधिकारियों के अनुसार, इन रेल सुविधाओं से खनिज परिवहन को बढ़ावा मिलेगा और दक्षिणी ओडिशा में औद्योगिक विकास के नए रास्ते खुलेंगे, जिससे स्थानीय समुदायों को भी लाभ होगा।
दो राज्यों को जोड़ेगी नई ट्रेन
ब्रह्मपुर से रवाना होने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन 27 सितंबर को दोपहर 12 बजे शुरू होगा। यह ट्रेन ओडिशा और गुजरात के बीच सीधी कनेक्टिविटी स्थापित करेगी। इसके नियमित परिचालन की समय-सारिणी रेलवे द्वारा जल्द घोषित की जाएगी। इस नई रेल सेवा से व्यापार, यात्रा और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बल मिलने की उम्मीद है।
संबलपुर को मिलेगा नया फ्लाईओवर
प्रधानमंत्री मोदी संबलपुर शहर को भी एक बड़ी सौगात देंगे। वह यहां 273 करोड़ रुपये की लागत से बने पांच किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर का उद्घाटन करेंगे, जिससे क्षेत्र में यातायात की सुविधा बेहतर होगी और लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।
प्रधानमंत्री इस दौरे में केवल बुनियादी ढांचे पर ही नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और कौशल विकास के क्षेत्र में भी कई अहम घोषणाएं करेंगे। ‘सेवा पर्व’ पहल के तहत वह देश के आठ आईआईटी संस्थानों के विस्तार की घोषणा करेंगे। इसके अलावा, ब्रह्मपुर स्थित एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज और संबलपुर स्थित वीआईएमएसएआर को सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल का दर्जा दिया जाएगा। प्रधानमंत्री एक नए राष्ट्रीय कौशल विकास कार्यक्रम की शुरुआत भी करेंगे और अंत्योदय योजना के तहत 50,000 लाभार्थियों को सहायता प्रदान करने की घोषणा करेंगे।