सीएम सैनी ने लाडवा मंडी से धान खरीद सीजन का किया शुभारंभ, किसानों को समय से पहले राहत

Nayab Singh Saini, CM

CM Nayab Singh Saini: (कुरुक्षेत्र): हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा अनाज मंडी से धान खरीद कार्य का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए इस बार फसल खरीद कार्य समय से पहले, यानी 1 अक्टूबर के बजाय 22 सितंबर से शुरू किया गया है। मुख्यमंत्री ने खुद मंडी में जाकर खरीद कार्य की निगरानी की और किसानों व व्यापारियों से बातचीत की। उन्होंने खाद्य आपूर्ति विभाग की ओर से किसान अमित कुमार और चरण सिंह की लगभग 100 क्विंटल पीआर धान की खरीद होते हुए भी देखा।

किसानों की मांग पर जल्दी शुरू हुई खरीद प्रक्रिया

मुख्यमंत्री सैनी ने बताया कि सरकार ने किसानों की मांग पर समय से पहले धान की खरीद प्रक्रिया शुरू की है। उन्होंने कहा इस सरकार की तरफ से किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदा जाएगा। किसान परेशान न हों, उनकी मेहनत का पूरा सम्मान होगा। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले साल धान की कुल आवक 12 लाख क्विंटल रही थी, जबकि इस बार अभी तक ही लगभग 5000 क्विंटल धान की आवक हो चुकी है। किसानों को जल्द भुगतान सुनिश्चित करने के लिए भी सरकार प्रयासरत है।

बीज पर सब्सिडी की मांग गई मानी

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि हाल ही में हिसार में आयोजित कृषि मेले में किसानों ने बीज पर सब्सिडी की मांग की थी। इस मांग पर तेजी से कार्रवाई करते हुए सरकार ने बीज पर सब्सिडी देने की अधिसूचना चंडीगढ़ पहुंचते ही जारी कर दी। सीएम सैनी ने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि किसानों को उनकी फसल की समय पर पेमेंट मिले और कोई बिचौलिया या परेशानी सामने न आए। उन्होंने पराली जलाने पर रोक लगाने के लिए सरकार द्वारा 1200 की सहायता राशि देने की योजना का भी जिक्र किया।

जीएसटी सुधारों पर भी बोले सीएम सैनी

मुख्यमंत्री सैनी ने इस अवसर पर केंद्र सरकार की नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जीएसटी दरों में किए गए सुधारों से आम जनता को राहत और व्यापारियों को स्थायित्व मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता इस योजना को हर घर और हर व्यापारी तक पहुंचाने का काम करेंगे। लाडवा मंडी में उन्होंने पल्लेदारों से भी बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं।

विपक्ष पर साधा निशाना

एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा वोट चोरी नहीं हुए, कांग्रेस का सफाया हो गया है। पंजाब में प्रवासी मजदूरों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन की सरकारें, खासकर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, कोरोना काल में प्रवासी मजदूरों की सहायता करने में विफल रहे थे। उस समय मजदूर सड़कों पर थे और राज्य सरकारें मूकदर्शक बनी रहीं।

देवी बाला सुंदरी मंदिर में माथा टेक किया शुभारंभ

मुख्यमंत्री ने अश्विन नवरात्र के पहले दिन देवी बाला सुंदरी मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्यवासियों की सुख, समृद्धि और शांति की कामना की। उन्होंने इसे शुभ कार्यों की शुरुआत के लिए अत्यंत शुभ अवसर बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *