PM Modi GST announcement: (नई दिल्ली): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जीएसटी दरों में कटौती लागू होने से एक दिन पहले स्वदेशी वस्तुओं को बढ़ावा देने का आह्वान करते हुए कहा कि अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधार भारत की वृद्धि गाथा को गति देंगे। उन्होंने कहा कि ये सुधार कारोबारी सुगमता को बढ़ाएंगे और अधिक निवेशकों को आकर्षित करेंगे।
‘जीएसटी बचत उत्सव’ और दोहरा लाभ
प्रधानमंत्री ने कहा कि नवरात्रि के पहले दिन से ‘जीएसटी बचत उत्सव’ शुरू होगा। यह आयकर छूट के साथ मिलकर ज्यादातर लोगों को दोहरा लाभ देगा। उन्होंने बताया कि गरीब, मध्यम वर्ग, नव मध्यम वर्ग, युवा, किसान, महिलाएं, व्यापारी और दुकानदार सभी इस सुधार से लाभान्वित होंगे। पीएम मोदी ने सभी राज्यों से आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी अभियानों को ध्यान में रखते हुए विनिर्माण को बढ़ावा देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि विकास की दौड़ में सभी राज्य समान हितधारक होंगे।
इतिहास में नई शुरुआत
प्रधानमंत्री ने कहा कि जब भारत ने 2017 में जीएसटी लागू किया था, तो यह ‘एक राष्ट्र-एक कर’ के सपने को साकार करने की शुरुआत थी। जीएसटी ने करों और टोल की जाल को खत्म किया, जिससे व्यवसायों और उपभोक्ताओं को राहत मिली। पीएम मोदी ने कहा कि 12 लाख रुपये तक की आय पर आयकर छूट और जीएसटी सुधारों से गरीब, नव मध्यम वर्ग और मध्यम वर्ग को दोहरा लाभ मिलेगा। उन्होंने (एमएसएमई) सेक्टर को भी इन सुधारों से फायदा होने की बात कही।
स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने का संदेश
प्रधानमंत्री ने देशवासियों से स्वदेशी उत्पादों को खरीदने और बेचने में गर्व महसूस करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि स्वदेशी आंदोलन की तरह भारत की समृद्धि भी स्वदेशी उत्पादों से ही मजबूत होगी।
इन सुधारों के तहत रसोई के सामान, इलेक्ट्रॉनिक्स, दवाइयां, उपकरण, ऑटोमोबाइल समेत लगभग 375 वस्तुओं पर जीएसटी दरें कम कर दी जाएंगी। यह बदलाव 22 सितंबर से लागू होंगे, जो नवरात्रि के पहले दिन शुरू होंगे। केंद्र और राज्यों की जीएसटी परिषद ने यह निर्णय लिया है जिससे उपभोक्ताओं को खरीदारी में राहत मिलेगी। इससे वस्तुएं सस्ती होंगी और त्योहारों का मौसम और भी खुशहाल बनेगा।