Delhi Education Hub: (नई दिल्ली): मुख्यमंत्री शनिवार को करमपुरा स्थित बी.आर. आंबेडकर विश्वविद्यालय (एयूडी) के परिसर में स्वामी विवेकानंद भवन के उद्घाटन किया। उन्होंने इस मौके को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस पर मनाए जा रहे सेवा पखवाड़ा से भी जोड़ा और इसे “गर्व का क्षण” बताया। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा हम दिल्ली को ऐसा शिक्षा केंद्र बनाना चाहते हैं, जिसे सोचते ही देशभर के विद्यार्थी यहां पढ़ाई के लिए आना चाहें। हमारी व्यवस्था इतनी मज़बूत होनी चाहिए कि हमारे बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए विदेश न जाना पड़े
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को स्पष्ट किया कि भाजपा सरकार दिल्ली को औद्योगिक नहीं, बल्कि ‘शिक्षा केंद्र’ के रूप में विकसित करना चाहती है। उन्होंने कहा कि राजधानी में भारी उद्योगों पर प्रतिबंधों के चलते औद्योगिक विकास की सीमाएं हैं, लेकिन यहां शिक्षा के क्षेत्र में अपार संभावनाएं मौजूद हैं, जिन्हें सशक्त रूप से आगे बढ़ाया जाएगा।
शिक्षा के लिए हर संभव संसाधन कराएंगे मुहैया
मुख्यमंत्री ने यह भी भरोसा दिलाया कि शिक्षा के बुनियादी ढांचे को और मज़बूत करने के लिए सरकार किसी भी संसाधन की कमी नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली में गुणवत्ता और सुविधा, दोनों स्तरों पर उच्च शिक्षा संस्थानों का सशक्त नेटवर्क तैयार किया जा रहा है।
झुग्गी बस्तियों और गांवों तक पहुंच रही है शिक्षा
इस कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने भी भाग लिया। उन्होंने बताया कि एयूडी केवल कक्षाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि विश्वविद्यालय ने सात झुग्गी बस्तियों और गांवों को गोद लिया है, जहां बच्चों को शिक्षा और समग्र विकास के अवसर दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह पहल शिक्षा को सामाजिक समावेश और ज़मीनी बदलाव का माध्यम बना रही है।
दिल्ली में शिक्षा का बनेगा नया मॉडल
रेखा गुप्ता ने कहा कि भाजपा सरकार का फोकस दिल्ली को ऐसे मॉडल शिक्षा राज्य के रूप में स्थापित करने पर है, जहां डिजिटल, समावेशी और रोजगारोन्मुख शिक्षा दी जाए। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में दिल्ली को वैश्विक स्तर पर एक एजुकेशन हब के रूप में स्थापित किया जाएगा।