Russia earthquake 2025: रूस के सुदूर पूर्वी इलाके, कामचटका प्रायद्वीप में शुक्रवार सुबह तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वे के अनुसार, इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 7.8 दर्ज की गई है। भूकंप का केंद्र जमीन से लगभग 10 किलोमीटर की गहराई में था।
भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई है। हालांकि, फिलहाल किसी बड़े नुकसान या जनहानि की खबर सामने नहीं आई है। कामचटका के गवर्नर ने बताया कि बचाव दलों को अलर्ट कर दिया गया है और सभी एजेंसियों को तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
भूकंप-प्रवण क्षेत्र है कामचटका
कामचटका प्रायद्वीप रूस के पूर्वी छोर पर स्थित है और यह क्षेत्र दुनिया के सबसे सक्रिय भूकंपीय क्षेत्रों में से एक माना जाता है। यह क्षेत्र तथाकथित ‘प्रशांत रिंग ऑफ फायर’ का हिस्सा है, जहां टेक्टॉनिक प्लेटों की टकराहट और ज्वालामुखीय गतिविधियाँ सामान्य हैं। यहाँ प्रशांत प्लेट, उत्तरी अमेरिकी प्लेट और ओखोत्स्क माइक्रोप्लेट के बीच लगातार तनाव बना रहता है, जो बार-बार शक्तिशाली भूकंपों का कारण बनता है। गौरतलब है कि जुलाई 2025 में इसी क्षेत्र में 8.8 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसके बाद पूरे प्रशांत क्षेत्र में सुनामी चेतावनी जारी की गई थी।
भूकंप की तीव्रता और प्रभाव (रिक्टर स्केल पर):
0–2.9: केवल सिस्मोग्राफ द्वारा दर्ज
3–3.9: हल्का कंपन, भारी वाहन गुजरने जैसा
4–4.9: हल्के सामान का हिलना या गिरना संभव
5–5.9: फर्नीचर हिल सकता है
6–6.9: संरचनात्मक क्षति संभव
7–7.9: इमारतों को भारी नुकसान
8–8.9: विनाशकारी, सुनामी की आशंका
9+: भीषण तबाही, धरती का तेज कंपन