पीएम मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री सुशीला कार्की से की बात, कहा- शांति और स्थिरता के लिए भारत है साथ

Narendra Modi, Prime Minister

PM Modi talk Sushila Karki (नई दिल्ली): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को नेपाल की हाल ही में नियुक्त अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की से टेलीफोन पर बातचीत की। इस बातचीत के दौरान उन्होंने नेपाल में हाल ही में हुए हिंसक विरोध प्रदर्शनों पर गंभीर चिंता व्यक्त की और देश में शांति एवं स्थिरता बहाल करने के प्रयासों में भारत के पूर्ण समर्थन की पुष्टि की।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ‘एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि उन्होंने कार्की के साथ गर्मजोशी से संवाद किया। उन्होंने लिखा नेपाल की अंतरिम प्रधानमंत्री श्रीमती सुशीला कार्की के साथ बातचीत में हाल की घटनाओं में हुई जनहानि पर अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की। साथ ही शांति और स्थिरता बहाल करने के उनके प्रयासों के प्रति भारत के दृढ़ समर्थन की भी पुष्टि की पीएम मोदी ने नेपाल के राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर कार्की और नेपाल की जनता को शुभकामनाएं भी दीं।

नेपाल में हिंसा के बाद बदली राजनीतिक स्थिति

गौरतलब है कि पिछले सप्ताह नेपाल में सरकार विरोधी प्रदर्शन हिंसक हो गए थे। इन प्रदर्शनों का नेतृत्व देश की ‘जेन-ज़ेड’ पीढ़ी ने किया था, जिनका जन्म 1997 से 2012 के बीच हुआ है। आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने सांसदों के आवास, सरकारी इमारतों, शॉपिंग मॉल्स और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में आगज़नी की। इस भारी जनदबाव के कारण तत्कालीन प्रधानमंत्री के.पी. शर्मा ओली को पद से इस्तीफा देना पड़ा। इस राजनीतिक उथल-पुथल के बाद 12 सितंबर को पूर्व न्यायाधीश सुशीला कार्की ने नेपाल की अंतरिम प्रधानमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला। उन्हें देश में शांति और स्थिरता की दिशा में काम करने की जिम्मेदारी दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *