India Vs Pak Asia Cup: टी-20 एशिया कप में भारत के हाथों 7 विकेट से करारी हार और उसके बाद भारतीय खिलाड़ियों के हाथ नहीं मिलाने से पाकिस्तान बौखला गया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) में आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई है। यह मामला भारत की सात विकेट से जीत के बाद सामने आया।
पीसीबी ने की ये शिकायत
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने रविवार देर रात एक बयान जारी कर कहा कि भारतीय टीम का यह व्यवहार “खेल भावना के अनुरूप नहीं था। “टीम मैनेजर नावीद चीमा ने भारतीय खिलाड़ियों के हाथ न मिलाने को खेल भावना के विरुद्ध बताया और इसका कड़ा विरोध दर्ज कराया। इसके विरोध स्वरूप पाकिस्तान ने अपने कप्तान को मैच के बाद के पुरस्कार वितरण समारोह में शामिल नहीं होने दिया।”
भारतीय कप्तान सूर्य कुमार ने दिया ये बयान
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हाथ न मिलाने का निर्णय अप्रैल में पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के पीड़ितों के परिवारों के प्रति एकजुटता प्रदर्शित करने के उद्देश्य से लिया गया था। उन्होंने यह भी कहा कि यह एक सांकेतिक विरोध था, न कि किसी टीम या खिलाड़ी के प्रति व्यक्तिगत रुख।
गौरतलब है कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद यह पहला मौका था, जब भारत और पाकिस्तान की टीमें क्रिकेट मैदान पर आमने-सामने आई थीं। यह मुकाबला पूरी तरह भारत के पक्ष में रहा, जिसमें टीम इंडिया ने पाकिस्तान को बुरी तरह हरा दिया।