बिहार को विकास की बड़ी सौगात, PM मोदी करेंगे 36,000 करोड़ की परियोजनाओं की शुरुआत

PM Modi Bihar visit: (पटना/पूर्णिया): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमवार को बिहार के पूर्णिया जिले का दौरा करेंगे, जहां वे 36,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री पूर्णिया में एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे। राज्य में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले यह दौरा अहम माना जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी इस मौके पर पूर्णिया हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे। इससे उत्तर बिहार के लोगों को हवाई संपर्क की सुविधा मिलेगी, जिसकी लंबे समय से मांग की जा रही थी।

बिहार को मिलेगा राष्ट्रीय मखाना बोर्ड

इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री राष्ट्रीय मखाना बोर्ड की भी शुरुआत करेंगे। इसकी घोषणा इस वर्ष के केंद्रीय बजट में की गई थी। गौरतलब है कि भारत के कुल मखाना उत्पादन में बिहार का योगदान लगभग 90 प्रतिशत है। प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को ‘X’ पर लिखा मखाना और बिहार का बहुत गहरा नाता रहा है। पूर्णिया से राष्ट्रीय मखाना बोर्ड की शुरुआत भी की जाएगी, जिससे इस क्षेत्र के हमारे किसान भाई-बहनों को बहुत लाभ होने वाला है।”

ऊर्जा, सिंचाई और आवास क्षेत्र में बड़े प्रोजेक्ट्स

प्रधानमंत्री मोदी भागलपुर के पीरपैंती में 800 मेगावाट की ताप विद्युत परियोजना का शिलान्यास करेंगे। यह 25,000 करोड़ रुपये का निजी निवेश होगा, जो राज्य में अब तक का सबसे बड़ा है। इसके अलावा, मोदी 2,680 करोड़ रुपये की कोसी-मेची अंतर-राज्यीय नदी जोड़ परियोजना की आधारशिला भी रखेंगे। इस परियोजना से क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा बेहतर होगी। प्रधानमंत्री कई रेल परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे और कुछ नई ट्रेनों को हरी झंडी भी दिखाएंगे।

किसानों और ग्रामीणों के लिए कई योजनाएं

प्रधानमंत्री राष्ट्रीय गोकुल मिशन के तहत एक उन्नत वीर्य केंद्र का उद्घाटन करेंगे, जिससे पशुपालन को प्रोत्साहन मिलेगा। वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में 35,000 लाभार्थियों और शहरी क्षेत्रों में 5,920 लाभार्थियों को उनके नए घर सौंपे जाएंगे। प्रधानमंत्री कुछ लाभार्थियों को घर की चाबियां खुद सौंपेंगे। इस दौरान मोदी राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत क्लस्टर स्तर के संघों को 500 करोड़ रुपये की सामुदायिक निवेश निधि भी वितरित करेंगे।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए पूर्णिया में चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। रविवार रात से ही राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है, जो अगले 24 घंटे तक प्रभावी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *