पंचकूला में सब जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप का शुभारंभ, सीएम नायब सैनी ने किया उद्घाटन

Panchkula Badminton Event: (पंचकूला): हरियाणा बैडमिंटन एसोसिएशन द्वारा आयोजित ‘अश्विनी गुप्ता मेमोरियल ऑल इंडिया सब जूनियर रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट 2025’ का भव्य शुभारंभ शनिवार को पंचकूला के सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम के मल्टीपरपज हॉल में हुआ। इस टूर्नामेंट का उद्घाटन हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किया। इल दौरान उन्होंने कहा बैडमिंटन केवल एक खेल नहीं, बल्कि गति, रणनीति, अनुशासन और सहनशक्ति का प्रतीक है।

हरियाणा है खेलों की ‘नर्सरी’

उन्होंने कहा यह युवाओं में आत्मविश्वास, एकाग्रता और प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ाता है। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि हरियाणा को खेलों की ‘नर्सरी’ कहा जाता है और यह हम सभी के लिए गर्व की बात है कि राज्य के खिलाड़ी ओलंपिक, एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ जैसे बड़े आयोजनों में भारत का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने दोहराया कि प्रदेश सरकार खेल और खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।

2000 से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी

बता दें कि इस चैंपियनशिप में अंडर-15 और अंडर-17 आयु वर्ग के लड़के और लड़कियाँ हिस्सा ले रहे हैं। इसके अलावा देशभर के विभिन्न राज्यों से आए करीब 2000 खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं। टूर्नामेंट की अध्यक्षता हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने की, जो इसे अपने स्वर्गीय भाई अश्विनी गुप्ता की स्मृति में हर वर्ष आयोजित करवा रहे हैं।

इस सब-जूनियर रैंकिंग टूर्नामेंट का खास उद्देश्य उभरते हुए खिलाड़ियों को पहचान देना और उन्हें चीन में होने वाली अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप के लिए चयनित करना है। चयन समिति बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को इस टूर्नामेंट के आधार पर चुनने जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *