Curfew lifted in Kathmandu: (नेपाल): नेपाल की राजधानी काठमांडू घाटी और अन्य क्षेत्रों में शनिवार को लागू कर्फ्यू और प्रतिबंधात्मक आदेश हटा दिए गए। नेपाली सेना के एक प्रवक्ता ने बताया कि शनिवार को कोई भी कर्फ्यू या प्रतिबंध नहीं हैं। इससे पहले कई दिनों तक सड़कों पर आवाजाही प्रतिबंधित थी।
दुकानें, बाजार और शॉपिंग मॉल फिर से खुले
कई दिनों तक बंद रहने के बाद बाजार, किराना स्टोर, सब्जी मंडी और शॉपिंग मॉल खुल गए हैं। लोगों की आवाजाही फिर से शुरू हो गई है। साथ ही कई जगहों पर सफाई अभियान चलाए गए, जिनमें प्रमुख सरकारी इमारतें भी शामिल हैं। ये इमारतें हाल ही में हुए हिंसक प्रदर्शनों के दौरान प्रदर्शनकारियों द्वारा तोड़ी गई थीं।
विरोध प्रदर्शन और हिंसा में हुई कई मौतें
सोमवार को भ्रष्टाचार और सोशल मीडिया पर लगाए गए प्रतिबंध के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू हुआ, जिसमें पुलिस कार्रवाई में कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई। विरोध प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री कार्यालय तक घुसपैठ की, जिसके कुछ ही दिनों बाद प्रधानमंत्री के पी शर्मा ओली ने इस्तीफा दे दिया।
सोशल मीडिया प्रतिबंध भी हटा
सोशल मीडिया पर सोमवार को लगाए गए प्रतिबंध को मंगलवार की रात हटा दिया गया। नेपाल पुलिस के अनुसार, ‘जेन जेड’ (1997 से 2012 के बीच जन्मे लोग) के नेतृत्व वाले प्रदर्शन में अब तक कम से कम 51 लोग मारे गए हैं, जिनमें एक भारतीय नागरिक भी शामिल है।
सेना ने सुरक्षा नियंत्रण संभाला
ओली के इस्तीफा देने के बाद नेपाली सेना ने सुरक्षा स्थिति को नियंत्रण में ले लिया और काठमांडू घाटी समेत देश के अन्य हिस्सों में कर्फ्यू लागू किया। हालांकि, कुछ निश्चित समयावधि में लोगों को आवाजाही की अनुमति दी गई। राजनीतिक संकट से निपटने और नए चुनाव कराने के लिए सुप्रीम कोर्ट की पूर्व न्यायाधीश सुशीला कार्की को नेपाल का अंतरिम प्रधानमंत्री नियुक्त किया गया है।