PM Modi big statement on Northeast: (आइजोल): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मिजोरम को पहली बार देश के रेलवे नेटवर्क से जोड़ने वाली बैराबी-सैरंग रेल लाइन का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि पूर्वोत्तर भारत को पहले की सरकारों की वोट बैंक की राजनीति की वजह से काफी नुकसान झेलना पड़ा। लेकिन पिछले 11 वर्षों में केंद्र की भाजपा सरकार के प्रयासों से यह क्षेत्र अब देश के विकास का इंजन बन गया है। बारिश के कारण प्रधानमंत्री आइजोल के मुख्य कार्यक्रम स्थल तक नहीं पहुंच सके, इसलिए उन्होंने लेंगपुई हवाई अड्डे से डिजिटल माध्यम से जनता को संबोधित किया।
‘एक्ट ईस्ट नीति’ में मिजोरम की अहम भूमिका
प्रधानमंत्री ने कहा कि मिजोरम सरकार की ‘एक्ट ईस्ट’ नीति में एक महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने बताया कि कलादान मल्टीमॉडल ट्रांजिट प्रोजेक्ट और यह नई रेल लाइन मिजोरम को दक्षिण-पूर्व एशिया से जोड़ने में मदद करेगी। इससे व्यापार, पर्यटन और संपर्क को नया आयाम मिलेगा।
“जो हाशिए पर थे, अब मुख्यधारा में हैं”
पीएम मोदी ने कहा कि पहले जिन क्षेत्रों को विकास से वंचित रखा गया, अब वही क्षेत्र आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा जो पहले उपेक्षित थे, वे अब सबसे आगे हैं। जो हाशिए पर थे, वे अब मुख्यधारा में हैं। उन्होंने बताया कि पूर्वोत्तर में कनेक्टिविटी बढ़ने से शैक्षणिक, सांस्कृतिक और आर्थिक गतिविधियों में मजबूती आई है, जिससे रोजगार के अवसर और पर्यटन भी बढ़ रहा है।
खेल, शिक्षा और स्टार्टअप को बढ़ावा
प्रधानमंत्री ने मिजोरम की खेल प्रतिभा की तारीफ की और कहा कि राष्ट्रीय खेल नीति राज्य के युवाओं के लिए नए अवसर खोलेगी। उन्होंने बताया कि मिजोरम में अब तक 4,500 स्टार्टअप और 25 इनक्यूबेशन सेंटर काम कर रहे हैं, जिससे युवाओं को स्वरोजगार के अवसर मिल रहे हैं। इसके अलावा, उन्होंने राज्य में नई एकलव्य आवासीय स्कूलों की शुरुआत का भी जिक्र किया, जिससे शिक्षा का स्तर और बेहतर होगा।
GST सुधारों से जनता को राहत
पीएम मोदी ने केंद्र सरकार की ओर से जीएसटी में किए गए सुधारों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अब टूथपेस्ट, साबुन और तेल जैसी ज़रूरी चीजों पर टैक्स केवल 5% रह गया है, जबकि पहले यह 27% तक होता था। उन्होंने बताया कि अब कैंसर की दवाइयां, बीमा पॉलिसी, और वाहनों की कीमतें सस्ती हो गई हैं, जिससे आम लोगों की जिंदगी आसान हो रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में भारत की अर्थव्यवस्था 7.8% की दर से बढ़ी है, जो दुनिया में सबसे तेज़ है। उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का जिक्र करते हुए बताया कि भारतीय सैनिकों ने आतंकवाद को समर्थन देने वालों को करारा जवाब दिया। इसमें ‘मेड इन इंडिया’ हथियारों का उपयोग किया गया, जो आत्मनिर्भर भारत का प्रतीक है।