NDA women protest in Patna: (पटना): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दिवंगत मां के खिलाफ अभद्र टिप्पणी को लेकर बिहार की राजनीति गरमा गई है। इसी के विरोध में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के महिला प्रकोष्ठों ने गुरुवार को राज्यव्यापी पांच घंटे का बिहार बंद आयोजित किया। भाजपा, जदयू और अन्य सहयोगी दलों की महिला कार्यकर्ताओं ने सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक राज्य के कई जिलों में विरोध प्रदर्शन किया और कांग्रेस व राजद के खिलाफ नारेबाजी की।
पटना में प्रमुख चौराहों पर विरोध प्रदर्शन
राजधानी पटना में आयकर चौराहे, डाक बंगला और गांधी मैदान के आसपास सैकड़ों महिला कार्यकर्ताओं ने तख्तियों और बैनरों के साथ प्रदर्शन किया। भाजपा महिला मोर्चा के नेतृत्व में हुए इस आंदोलन में महिलाओं ने “माँ का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान”, “कांग्रेस होश में आओ” जैसे नारे लगाए। भाजपा प्रदेश कार्यालय के बाहर भी धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया, जिसमें वरिष्ठ नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, राज्यसभा सांसद धर्मशीला गुप्ता और कई अन्य पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे। रविशंकर प्रसाद ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी की दिवंगत मां का अपमान केवल एक नेता का नहीं, पूरे देश की भावनाओं का अपमान है। कांग्रेस पार्टी की चुप्पी उनकी मानसिकता को दर्शाती है। हम इस अपमान को कभी नहीं भूलेंगे।”
उपमुख्यमंत्री की तीखी प्रतिक्रिया
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाते हुए ‘एक्स’ पर पोस्ट किया प्रधानमंत्री मोदी की दिवंगत मां के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी ने पूरे देश की आत्मा को आहत किया है। यह सिर्फ एक माँ नहीं, बल्कि भारत की हर माँ का अपमान है। उन्होंने कहा कि भाजपा और एनडीए का हर कार्यकर्ता माताओं के सम्मान के लिए सड़क पर उतरने को तैयार है और यह लड़ाई किसी एक व्यक्ति की नहीं, पूरे समाज की गरिमा की है।
कानून व्यवस्था पर पुलिस सतर्क
प्रदर्शन को देखते हुए राज्यभर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पटना (मध्य) की पुलिस अधीक्षक दीक्षा ने बताया कि, “राजधानी और अन्य संवेदनशील जिलों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अब तक किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।”
अन्य जिलों में भी गूंजा विरोध
पटना के साथ-साथ दरभंगा, नवादा, कटिहार, मुजफ्फरपुर, बेगूसराय, और सीवान सहित कई जिलों में भी बंद का असर देखने को मिला। विरोध प्रदर्शन शांति से संपन्न हुए, हालांकि कई स्थानों पर बाजार आंशिक रूप से बंद रहे और सड़क परिवहन भी प्रभावित हुआ।
विवाद का पृष्ठभूमि
दरअसल, यह विरोध प्रदर्शन पिछले सप्ताह दरभंगा में कांग्रेस की एक सभा के दौरान दिए गए विवादास्पद बयान के बाद शुरू हुआ। ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के मंच से एक स्थानीय नेता का कथित वीडियो वायरल हुआ जिसमें प्रधानमंत्री मोदी की मां को लेकर अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया था। वीडियो के सार्वजनिक होते ही बवाल मच गया। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। कांग्रेस ने बयान जारी कर कहा कि उस समय कोई वरिष्ठ नेता मंच पर मौजूद नहीं था।
प्रधानमंत्री की भावुक प्रतिक्रिया
प्रधानमंत्री मोदी ने दो सितंबर को इस मुद्दे पर पहली प्रतिक्रिया देते हुए कहा था “मेरी दिवंगत मां का राजनीति से कोई लेना-देना नहीं था। फिर उनका क्या दोष था? कांग्रेस और राजद को मैं माफ कर सकता हूं, लेकिन बिहार की जनता उन्हें माफ नहीं करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि अब देश के हर गली-कस्बे में यह संदेश जाना चाहिए कि माताओं और बहनों का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।