हरियाणा के CM सैनी ने बाढ़ग्रस्त पंजाब और जम्मू-कश्मीर को 5-5 करोड़ की सहायता देने का किया ऐलान

cm Nayab Singh Saini

CM Saini relief package to flood-affected people (चंडीगढ़): हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को पंजाब और जम्मू-कश्मीर में हालिया बाढ़ और प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों के लिए 5-5 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता देने की घोषणा की है। यह राशि मुख्यमंत्री राहत कोष से प्रदान की जाएगी।

सैनी ने कहा-पीड़ितों के साथ खड़ी हरियाणा सरकार

मुख्यमंत्री सैनी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’पर पोस्ट करते हुए कहा कि दोनों राज्यों में आई भारी बारिश और बाढ़ की स्थिति बेहद गंभीर और दुखद है। उन्होंने लिखा, “इस संकट की घड़ी में हरियाणा सरकार और प्रदेश की जनता प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है।”

राहत एवं बचाव कार्यों में होगी मदद

सैनी ने कहा कि यह सहायता राशि प्रभावित राज्यों में राहत और बचाव कार्यों को गति देने में मददगार होगी। साथ ही पीड़ित परिवारों तक त्वरित सहायता पहुंचाने में भी सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि हरियाणा सरकार भविष्य में भी जरूरत पड़ने पर हरसंभव सहयोग प्रदान करती रहेगी।

पंजाब और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्रियों को पत्र

मुख्यमंत्री ने पंजाब और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्रियों को पत्र भेजकर सहानुभूति और समर्थन व्यक्त किया। पत्र में उन्होंने लिखा कि हरियाणा न केवल आर्थिक रूप से, बल्कि भावनात्मक रूप से भी उनके साथ खड़ा है। हम सभी प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाते हैं कि हरियाणा उनकी सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहेगा। ”।

पंजाब में 1988 के बाद की सबसे भीषण बाढ़

पंजाब इन दिनों 1988 के बाद की सबसे भीषण बाढ़ से जूझ रहा है। राज्य सरकार के अनुसार अब तक 29 लोगों की मौत हो चुकी है और 2.56 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। सतलुज, व्यास और रावी नदियों में जलस्तर के अत्यधिक बढ़ने से कई इलाके जलमग्न हो गए हैं।

जम्मू-कश्मीर में भारी नुकसान

वहीं जम्मू-कश्मीर में 14 अगस्त से हो रही लगातार बारिश और अचानक आई बाढ़ ने कई जिलों में भारी तबाही मचाई है। किश्तवाड़, कठुआ, रियासी और रामबन जैसे जिलों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। 26-27 अगस्त को हुई रिकॉर्ड बारिश से जम्मू के निचले इलाकों में भी बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। सीएम सैनी ने कहा कि संकट की घड़ी में एकजुटता ज़रूरी है। “हरियाणा, पंजाब और जम्मू-कश्मीर एकजुट होकर इस आपदा का सामना करेंगे। जब राज्य एक-दूसरे के साथ खड़े होते हैं, तभी राष्ट्र मज़बूत होता है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *