PM Modi gave gift to Japanese PM: (नई दिल्ली) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी जापान यात्रा के दौरान जापान के प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा को चांदी की चॉपस्टिक और कीमती रत्नों से बनीं रेमन कटोरियां उपहार में दीं। यह उपहार भारतीय कला और जापानी पाक कला की परंपरा का एक अद्भुत मिश्रण हैं। पीएम मोदी ने जापान के प्रधानमंत्री की पत्नी को भी एक खास उपहार दिया। उन्होंने उन्हें कागज की लुगदी (पेपियर माचे) से बना एक डिब्बा और उसमें लद्दाख की चांगथांगी बकरी के महीन ऊन से बनी एक पश्मीना शॉल भेंट की।
चांदी की चॉपस्टिक और कीमती रत्न से बनी कटोरियां
पीएम मोदी द्वारा भेंट दी गई चांदी की चॉपस्टिक और रत्नों से बनी कटोरियां विशेष रूप से डिजाइन की गई हैं। ये कटोरियां ‘मूनस्टोन’ (चंद्रमणि) से बनी हैं, जो प्रेम, संतुलन और सुरक्षा का प्रतीक मानी जाती हैं। इन कटोरियों का डिजाइन जापान की डोनबुरी और सोबा परंपरा से प्रेरित है। मुख्य कटोरे का आधार राजस्थान के मकराना संगमरमर से बना है, जिसमें पारंपरिक पर्चिनकारी शैली में अर्ध-कीमती रत्न जड़े गए हैं।
क्या है पश्मीना शॉल की विशेषता
प्रधानमंत्री मोदी ने जापान की यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री इशिबा की पत्नी को भेंट दी गई पश्मीना शॉल के बारे में बताया कि यह शॉल लद्दाख की चांगथांगी बकरी के महीन ऊन से बनी होती है, जो हल्की, मुलायम और गर्म होती है। यह शॉल कश्मीरी कारीगरों द्वारा हाथ से बुनी जाती है और सदियों पुरानी परंपरा का प्रतीक मानी जाती है। इस शॉल में गुलाबी और लाल रंग के फूलों के डिजाइन हैं, जो कश्मीरी शिल्प कौशल को दर्शाते हैं।