29 अगस्त से जापान और चीन के दौरे पर रहेंगे PM मोदी, SCO सम्मेलन में होंगे शामिल

PM Modi foreign visit 2025: (नई दिल्ली): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 अगस्त से 1 सितंबर 2025 तक जापान और चीन की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। यह बहुप्रतीक्षित दौरा सामरिक, कूटनीतिक और आर्थिक दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को इस यात्रा का आधिकारिक कार्यक्रम जारी किया।

जापान में भारत-जापान शिखर सम्मेलन

यात्रा का पहला चरण प्रधानमंत्री मोदी को 29 और 30 अगस्त को जापान की राजधानी टोक्यो ले जाएगा। यह दौरा जापान के प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा के निमंत्रण पर हो रहा है। इस दौरान दोनों नेता 15वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। यह प्रधानमंत्री मोदी की जापान की आठवीं यात्रा होगी, जबकि शिगेरु इशिबा के साथ यह उनकी पहली द्विपक्षीय बैठक होगी। शिखर वार्ता में रक्षा, सुरक्षा, व्यापार, अर्थव्यवस्था, प्रौद्योगिकी, नवाचार और जन संपर्क जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही दोनों नेता क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार-विमर्श करेंगे। यह दौरा भारत-जापान के बीच विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है।

चीन में SCO शिखर सम्मेलन में भागीदारी

प्रधानमंत्री मोदी यात्रा के दूसरे चरण में 31 अगस्त से 1 सितंबर तक चीन का दौरा करेंगे। वह वहां राष्ट्रपति शी जिनपिंग के आमंत्रण पर तियानजिन में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। यह दौरा खास इसलिए भी है क्योंकि यह 2020 में गलवान घाटी में हुई भारत-चीन झड़प के बाद प्रधानमंत्री मोदी की पहली चीन यात्रा होगी। इस संदर्भ में यह यात्रा भारत-चीन द्विपक्षीय संबंधों के लिहाज से बेहद संवेदनशील और अहम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *