Terrorists killed in Bandipora: (श्रीनगर): जम्मू-कश्मीर के बांदीपुरा जिले के गुरेज़ सेक्टर में नियंत्रण रेखा (LoC) पर सुरक्षा बलों ने घुसपैठ की कोशिश नाकाम करते हुए दो आतंकवादियों को मार गिराया। यह जानकारी सेना की चिनार कोर ने बृहस्पतिवार को दी।
संयुक्त अभियान से मिली सफलता
सेना की श्रीनगर स्थित चिनार कोर ने ‘एक्स’ पर बताया कि जम्मू-कश्मीर पुलिस से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर सेना और पुलिस ने गुरेज़ सेक्टर में एक संयुक्त अभियान शुरू किया। अभियान के दौरान सैनिकों ने नियंत्रण रेखा के पास संदिग्ध गतिविधि देखी। सेना ने बताया, “सैनिकों ने जब घुसपैठियों को चुनौती दी, तो उन्होंने अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। जवाब में सैनिकों ने प्रभावी जवाबी कार्रवाई करते हुए दो आतंकवादियों को ढेर कर दिया।
ऑपरेशन जारी सतर्कता बरकरार
सेना ने बताया कि फिलहाल अभियान जारी है और पूरे क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई और आतंकवादी इलाके में छिपा न हो। घटना के बाद इलाके में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। नियंत्रण रेखा से सटे क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षाबल तैनात कर दिए गए हैं और हर संदिग्ध हलचल पर नजर रखी जा रही है।
पाकिस्तान से लगातार घुसपैठ की कोशिशें
पिछले कुछ महीनों में पाकिस्तान की ओर से आतंकियों की घुसपैठ की कई कोशिशें की गई हैं, जिन्हें भारतीय सेना ने मुस्तैदी से नाकाम किया है। गुरेज़ सेक्टर, जो उत्तरी कश्मीर में LOC से सटा एक संवेदनशील इलाका है, अक्सर आतंकियों की घुसपैठ के लिए इस्तेमाल किया जाता है। सेना का कहना है कि आतंकवादी ठंड के मौसम से पहले अधिक से अधिक घुसपैठ की कोशिशें कर रहे हैं, ताकि घाटी में अपनी उपस्थिति बना सकें।