नशे के खिलाफ हरियाणा की ‘यूथ मैराथन में बोले सीएम सैनी, कहा- देश के युवा हैं भारत की पूंजी

Haryana Youth Marathon against drugs: (चंडीगढ़): हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को सिरसा जिले के डबवाली में आयोजित ‘युवा मैराथन’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे देश की सबसे बड़ी राष्ट्रीय संपत्ति हैं और उन्हें नशे जैसे सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर स्वस्थ जीवन अपनाना चाहिए।

कितने श्रेणियों में हुई हाफ मैराथन

हरियाणा उदय’ कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित यह हाफ मैराथन तीन श्रेणियों 5 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 21 किलोमीटर में आयोजित की गई। इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं में नशामुक्ति, स्वास्थ्य और सकारात्मक सोच के प्रति जागरूकता फैलाना था।

अब तक 3,350 गांव नशामुक्त हुए घोषित

मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि नशा युवाओं की ऊर्जा को नकारात्मक दिशा में मोड़ देता है। इससे ना केवल व्यक्ति का स्वास्थ्य प्रभावित होता है, बल्कि पूरा परिवार और समाज भी संकट में आ जाता है। उन्होंने कहा नशे से कई परिवार बर्बाद हो जाते हैं, सपने टूट जाते हैं और स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ता है। सीएम सैनी ने बताया कि हरियाणा सरकार की प्रयासों से अब तक राज्य के 3,350 गांवों और 876 वार्डों को नशा मुक्त घोषित किया जा चुका है।

राज्यभर में चल रहे नशामुक्ति अभियान

उन्होंने कहा कि पंचकूला से पलवल और सिरसा से फरीदाबाद तक विशेष रैलियां निकाली जा रही हैं। स्कूलों और कॉलेजों में कार्यशालाएं हो रही हैं और पंचायत स्तर पर जागरूकता बढ़ाने के लिए संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके अलावा, ‘धाकड़’ नामक विशेष कार्यक्रम भी शिक्षा संस्थानों में शुरू किया गया है। इस दिशा में लगातार जागरूकता अभियान, कार्यशालाएं और जन संवाद कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।

ग्राम पंचायतों को सौंपी गई जिम्मेदारी

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में नशे के खिलाफ लड़ाई के लिए 162 नशा मुक्ति पुनर्वास केंद्र काम कर रहे हैं। इसके अलावा, सरकारी मेडिकल कॉलेजों में ‘नशा मुक्ति वार्ड’ और 13 जिलों के सिविल अस्पतालों में ‘नशा मुक्ति केंद्र’ भी स्थापित किए गए हैं। उन्होंने कहा हमारी सरकार हर स्तर पर प्रयास कर रही है कि नशा समाज से पूरी तरह खत्म हो। सीएम सैनी ने बताया कि हर ग्राम पंचायत और सरपंच को यह सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है कि उनके गांव में कोई भी व्यक्ति नशे का आदी न हो। यह सामूहिक प्रयास तभी सफल होगा जब समाज भी आगे आए।

नशा तस्करी पर सीएम की सख्त नजर

मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे की तस्करी और इससे जुड़ी आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए राज्य और जिलों में विशेष टीमें बनाई गई हैं। ये टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं और तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही हैं। सरकार का लक्ष्य है कि हरियाणा को पूरी तरह नशामुक्त राज्य बनाया जाए, ताकि युवाओं का भविष्य सुरक्षित हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *