S Jaishankar met with President Putin: (मॉस्को): विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने रूस की आधिकारिक यात्रा के दौरान गुरुवार को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की। इस महत्वपूर्ण बैठक में दोनों नेताओं के बीच भारत-रूस द्विपक्षीय संबंधों को और विस्तार देने के उपायों पर चर्चा हुई। इस बैठक से कुछ घंटे पहले जयशंकर ने रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव के साथ व्यापक वार्ता की थी, जिसमें मुख्य रूप से व्यापार और आर्थिक सहयोग को बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित किया गया।
पुतिन की भारत यात्रा की तैयारी पर भी चर्चा
विदेश मंत्री ने इससे पहले रूस के प्रथम उप प्रधानमंत्री डेनिस मंटुरोव से भी भेंट की, जिसमें वर्ष के अंत में होने वाली भारत-रूस शिखर वार्ता और पुतिन की संभावित भारत यात्रा (नवंबर या दिसंबर) की तैयारियों पर बातचीत हुई। जयशंकर ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए बताया मैंने राष्ट्रपति पुतिन को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से शुभकामनाएं प्रेषित कीं और उन्हें मंटुरोव और लावरोव के साथ हुई अपनी चर्चाओं से अवगत कराया।”
वैश्विक मुद्दों पर भी बनी सहमति
बैठक में यूक्रेन संकट और वैश्विक स्थिति पर भी विचार-विमर्श हुआ। जयशंकर ने कहा कि वे पुतिन के दृष्टिकोण की सराहना करते हैं। उन्होंने कहा हम मानते हैं कि भारत और रूस के संबंध द्वितीय विश्व युद्ध के बाद से सबसे महत्वपूर्ण वैश्विक संबंधों में से एक रहे हैं। इन संबंधों को मजबूत करने में नेतृत्व के बीच परस्पर विश्वास, जनता का समर्थन और भू-राजनीतिक समन्वय महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।”
भारत-रूस रणनीतिक साझेदारी पर फिर से मुहर
विदेश मंत्री का यह दौरा भारत-रूस रणनीतिक साझेदारी को नई दिशा देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। यह ऐसे समय में हुआ है जब वैश्विक मंच पर अनेक बदलाव हो रहे हैं और भारत रूस के साथ अपने रक्षा, ऊर्जा और व्यापारिक संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में अग्रसर है।