दिल्ली में ‘सिंगल विंडो सिस्टम’ और ‘दिल्ली मित्र’ ऐप की शुरुआत, जनशिकायतों का होगा डिजिटल समाधान

Launch of Single Window System and Delhi Mitr app: दिल्ली सरकार ने राजधानी में जनता की शिकायतों और समस्याओं के समाधान को अधिक पारदर्शी, तेज़ और जवाबदेह बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल की है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में सोमवार को ‘दिल्ली मित्र’ ऐप के लॉन्च और ‘सिंगल विंडो सिस्टम’ लागू करने का निर्णय लिया गया।

इस नई व्यवस्था के तहत अब दिल्लीवासी अपनी शिकायतें एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दर्ज कर सकेंगे, जो दिल्ली सरकार, दिल्ली पुलिस, डीडीए, एमसीडी, एनडीएमसी और दिल्ली कैंट जैसे प्रमुख विभागों से सीधे जुड़ा होगा। इस समन्वित प्रणाली का उद्देश्य है कि नागरिकों को इधर-उधर भटकने की आवश्यकता न हो और एक ही मंच से सभी विभागों तक उनकी बात पहुँच सके।

ऐसे कर सकेंगे शिकायत दर्ज

‘दिल्ली मित्र’ ऐप के ज़रिए नागरिक केवल मोबाइल नंबर और OTP के माध्यम से रजिस्ट्रेशन कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। शिकायत दर्ज करने के बाद प्रत्येक चरण का अपडेट उन्हें SMS या व्हाट्सऐप के माध्यम से प्राप्त होगा। सरकार का दावा है कि यह प्रणाली पारदर्शिता बढ़ाएगी और शिकायतों के समाधान में तेजी आएगी।

सभी विभागों में होंगे नोडल अधिकारी

हर विभाग में एक नोडल ऑफिसर नियुक्त किया जाएगा जो यह सुनिश्चित करेगा कि शिकायतें समय पर हल हों। इसके साथ ही, सभी विभागों के जन शिकायत समाधान अधिकारी हर बुधवार सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक जनसुनवाई करेंगे। इससे आम जनता को सीधे अधिकारियों से संवाद करने का अवसर मिलेगा और उनकी समस्याएं जल्द सुलझ सकेंगी।

जनसुनवाई का नया युग

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस पहल को केवल तकनीकी सुधार न मानते हुए इसे “जनसुनवाई की संस्कृति को डिजिटल युग में ले जाने का एक संकल्प” बताया। उन्होंने कहा कि ‘दिल्ली मित्र’ केवल एक शिकायत निवारण प्लेटफ़ॉर्म नहीं, बल्कि जनता और सरकार के बीच विश्वास का डिजिटल सेतु है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *