शिक्षिका मनीषा की मौत से मचा हड़कंप, इंटरनेट सेवाएं बंद

Manisha murder case: (चंडीगढ़): हरियाणा के भिवानी जिले में एक 19 वर्षीय शिक्षिका मनीषा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद राज्य में गहरा जनाक्रोश देखने को मिल रहा है। इसी के मद्देनज़र, हरियाणा सरकार ने मंगलवार को भिवानी और चरखी दादरी जिलों में 48 घंटे के लिए मोबाइल इंटरनेट, बल्क एसएमएस और डोंगल सेवाएं निलंबित करने का आदेश जारी किया है।

संदिग्ध हालात में मिला शव

‘प्लेस्कूल’ में पढ़ाने वाली मनीषा 11 अगस्त को स्कूल से घर लौटते समय यह कहकर निकली थीं कि वह पास के नर्सिंग कॉलेज में दाखिले को लेकर जानकारी लेने जा रही हैं। इसके बाद से वह लापता थीं। उनका शव 13 अगस्त को भिवानी के एक खेत में संदिग्ध हालात में मिला, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। परिवार वालों ने दावा किया कि मनीषा की हत्या की गई है और यह मामला आत्महत्या नहीं बल्कि एक सोची-समझी साजिश है।

इन जिलों में बंद रहेंगी इंटरनेट सेवाएं

गृह विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव सुमिता मिश्रा द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि 19 अगस्त पूर्वाह्न 11 बजे से 21 अगस्त सुबह 11 बजे तक दोनों जिलों में इंटरनेट सेवाएं बंद रहेंगी। आदेश में शिक्षिका की मौत का सीधे तौर पर जिक्र नहीं किया गया है लेकिन प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार यह कदम संभावित प्रदर्शनों, विरोधों और कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को देखते हुए उठाया गया है। आदेश में यह भी कहा गया है कि सार्वजनिक और निजी संपत्तियों को नुकसान पहुंचने की आशंका के चलते यह प्रतिबंध लगाया गया है।

जांच में मिला ‘संदिग्ध पत्र

भिवानी के पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार ने बताया कि मनीषा के शव के पास एक बैग में एक पत्र मिला है, जिसे आत्महत्या से पहले लिखा गया बताया जा रहा है। बैग में उसका आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज भी मौजूद थे। पुलिस का दावा है कि मनीषा ने कीटनाशक खरीदा था और विसरा परीक्षण में उसके शरीर में कीटनाशक की मौजूदगी की पुष्टि हुई है। हालांकि, यह पत्र कितना प्रामाणिक है, इसकी पुष्टि स्वतंत्र जांच एजेंसियों द्वारा होनी अभी बाकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *