भारत-चीन संबंधों की नई शुरुआत, आज से चीनी विदेश मंत्री वांग यी भारत के 2 दिवसीय भारत दौरे पर

Wang Yi with Ajit Doval

India-China relations: अमेरिका के साथ चल रहे टैरिफ पर तनाव के बीच भारत और चीन अपने संबंधों की नई शुरुआत की ओर लगातार आगे बढ़ रहे हैं। इस कड़ी में शी जिनपिंग ने अब अपने विदेश मंत्री वांग यी को 2 दिवसीय भारत दौरे पर भेजा है। चीन के विदेश मंत्री वांग यी सोमवार से दो दिवसीय भारत यात्रा पर आ रहे हैं। इस यात्रा के दौरान भारत और चीन के बीच विवादित सीमा क्षेत्रों में शांति और स्थिरता के लिए नए विश्वास बहाली उपायों पर चर्चा की उम्मीद है।

पीएम मोदी की संभावित चीन यात्रा से पहले भारत में वांग यी

वांग यी की यह यात्रा ऐसे वक्त में हो रही है, जब इसी महीने के आखिर में चीन में होने वाले शिखर सम्मेलन में पीएम मोदी के भाग लेने की प्रबल संभावना जताई जा रही है। ऐसे में वांग यी की यह यात्रा दोनों देशों द्वारा आपसी संबंधों को फिर से सामान्य बनाने के प्रयासों का हिस्सा मानी जा रही है। गौरतलब है कि 2020 में गलवान घाटी में हुए घातक संघर्ष के बाद से भारत-चीन संबंधों में भारी तनाव रहा है।

एस जयशंकर और अजीत डोभाल से मिलेंगे वांग यी

वांग यी इस दौरे पर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल के साथ सीमा विवाद पर विशेष प्रतिनिधि (SR) वार्ता के एक नए दौर में भाग लेंगे। दोनों नेता भारत-चीन सीमा विवाद सुलझाने के लिए नामित विशेष प्रतिनिधि हैं। भारतीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से भी उनकी मुलाकात तय है। इस बातचीत में आगामी शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संभावित चीन यात्रा को लेकर भी चर्चा की जाएगी।

पीएम मोदी कब जा सकते सकते हैं चीन

सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी 29 अगस्त को जापान की यात्रा पर जाएंगे, जिसके बाद वे 31 अगस्त व 1 सितंबर को उत्तरी चीन के तियानजिन शहर में होने वाले SCO सम्मेलन में हिस्सा ले सकते हैं। यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों में भी कुछ तनाव देखा गया है और इसलिए यह कूटनीतिक रूप से और भी अधिक महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *