PM Modi-Zelenskyy phone call: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से फोन पर बातचीत की और यूक्रेन-रूस युद्ध के शांतिपूर्ण समाधान के लिए भारत की हरसंभव सहयोग की प्रतिबद्धता दोहराई। यह बातचीत ऐसे समय पर हुई है जब अमेरिका के अलास्का में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच संभावित शांति वार्ता की तैयारियां चल रही हैं।
PM मोदी ने एक्स पर लिखा पोस्ट
प्रधानमंत्री मोदी ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “मैंने राष्ट्रपति जेलेंस्की को भारत की स्थायी नीति से अवगत कराया कि युद्ध का शीघ्र और शांतिपूर्ण समाधान जरूरी है। भारत इस दिशा में हरसंभव योगदान देने के लिए तैयार है।”
भारत-यूक्रेन द्विपक्षीय संबंधों पर जोर
पीएम मोदी ने कहा कि भारत न केवल शांति प्रक्रिया में सहभागी बनेगा, बल्कि भारत-यूक्रेन द्विपक्षीय संबंधों को भी मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। राष्ट्रपति जेलेंस्की ने बातचीत को “गहन और व्यापक” बताया और कहा कि उन्होंने पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय सहयोग, कूटनीतिक परिदृश्यों और रूस-यूक्रेन संघर्ष से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की। जेलेंस्की ने विशेष रूप से कहा कि “रूस से कच्चे तेल के निर्यात को सीमित करना आवश्यक है, ताकि उसकी वित्तीय क्षमता को कमजोर किया जा सके और युद्ध को जारी रखने के साधन खत्म हों।”
भारत का प्रयास महत्वपूर्ण
उन्होंने इस बात को रेखांकित किया कि शांति के लिए भारत का प्रयास महत्वपूर्ण है और यूक्रेन से जुड़े किसी भी निर्णय में यूक्रेन की भागीदारी अनिवार्य होनी चाहिए। “अन्य प्रारूप वांछित परिणाम नहीं देंगे। रूस पर प्रतिबंधों को लेकर भी जेलेंस्की ने बातचीत की। जेलेंस्की ने कहा कि बातचीत में रूसी पर बैन को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने ज़ोर दिया कि वैश्विक नेताओं को मॉस्को को संदेश देना जरूरी है कि युद्ध अस्वीकार्य है।