CM Yogi against religious conversion (बुलंदशहर): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की धर्म परिवर्तन का खेल खेलने वालों पर कड़ी नजर है। सीएम योगी के सख्त आदेश के चलते यूपी पुलिस ने बुलंदशहर जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी जिले के सिकंदराबाद थाना क्षेत्र के वीरखेड़ा गांव में की गई, जहां कथित रूप से लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा था।
इन लोगों की हुई गिरफ्तारी
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर क्षेत्र) शंकर प्रसाद ने जानकारी देते हुए बताया कि रविवार को पुलिस को वीरखेड़ा गांव में धर्म परिवर्तन की गतिविधियों की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने नौ लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान पप्पन, रवि, प्रदीप, सुन्दर, दीपक, कृष्णा, राजेन्द्र, नीलम और आशू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी दीपक गौतमबुद्धनगर, राजेन्द्र और नीलम गाजियाबाद, जबकि कृष्णा हरियाणा के फरीदाबाद का निवासी है। बाकी सभी स्थानीय निवासी बताए जा रहे हैं।
धर्म प्रचार और लालच देकर धर्म परिवर्तन का आरोप
प्रशासन के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया है कि वे आसपास के जिलों में ईसाई धर्म का प्रचार करते थे और स्थानीय लोगों को पैसे, मदद या अन्य लाभों का लालच देकर धर्म परिवर्तन कराते थे। पुलिस ने इनके पास से नकदी, ईसाई धर्मग्रंथ बाइबिल, प्रचार सामग्री (पैम्फलेट), धर्म परिवर्तन प्रमाण पत्र और नौ मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। इन वस्तुओं को जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस काम में और कितने लोग शामिल हैं और कहीं यह कोई संगठित गिरोह तो नहीं है।
सख्त कार्रवाई के आदेश
अपर पुलिस अधीक्षक शंकर प्रसाद ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह मामला प्रदेश में धर्मांतरण से जुड़े मामलों की गंभीरता को एक बार फिर उजागर करता है और प्रशासन की ओर से सख्त कार्रवाई के संकेत दिए गए हैं।