Delhi heavy rain affected Flight:(नई दिल्ली): राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार को हुई भारी बारिश के चलते इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGIA) पर 300 से अधिक उड़ानें विलंबित रहीं। हालांकि, किसी भी उड़ान को अन्यत्र डायवर्ट नहीं करना पड़ा। भारी जलभराव और बारिश के चलते सड़क यातायात भी प्रभावित रहा। कई मार्गों पर भीषण जाम की स्थिति रही।
IGIA पर नहीं बदला गया उड़ानों का मार्ग
दिल्ली एयरपोर्ट पर मौसम का प्रभाव साफ देखने को मिला, लेकिन एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि किसी भी फ्लाइट का मार्ग परिवर्तित नहीं किया गया। अधिकारी ने कहा कि भारी बारिश के बावजूद उड़ानों का संचालन जारी है, हालांकि उड़ानों के समय में कुछ देरी जरूर हुई है। बता दें कि IGIA देश का सबसे व्यस्त हवाई अड्डा है, जहां से रोज़ाना औसतन 1,300 उड़ानें संचालित होती हैं।
कई उड़ानें रद्द
एक प्रमुख फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट के अनुसार शनिवार को 300 से अधिक उड़ानों में देरी हुई और कुछ उड़ानें रद्द भी करनी पड़ीं। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार उड़ानों के प्रस्थान में औसतन 17 मिनट की देरी देखी गई। उड़ानों में संभावित देरी को देखते हुए एयरलाइनों ने यात्रियों को सतर्क रहने और अतिरिक्त समय लेकर चलने की सलाह दी है।
यात्रियों के लिए गाइडलाइन
इंडिगो एयरलाइंस ने सुबह अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर पोस्ट कर कहा, “दिल्ली में भारी बारिश के चलते उड़ानों के समय में अस्थायी व्यवधान हो सकता है। कृपया ट्रैफिक और देरी को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त समय रखें। हम स्थिति पर नजर रख रहे हैं।” वहीं, एयर इंडिया ने भी एक पोस्ट में कहा कि मौसम की स्थिति को देखते हुए दिल्ली से आने-जाने वाली उड़ानों पर असर पड़ सकता है। एयरपोर्ट प्रशासन ने कहा है कि हवाई यातायात नियंत्रण और ग्राउंड स्टाफ पूरी सतर्कता के साथ काम कर रहे हैं ताकि यात्रियों को अधिक परेशानी न हो।