CM Rekha Gupta: (नई दिल्ली): दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को दक्षिणी दिल्ली के कालकाजी में एक जन सुनवाई केंद्र का उद्घाटन किया । इस अवसर पर उन्होंने कहा हमने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के ‘विकसित भारत, विकसित दिल्ली’ के सपने को साकार करने का संकल्प लिया है।
सीएम रेखा ने कहा कि राजधानी दिल्ली को आधुनिक, सुविधायुक्त और जनता-केंद्रित बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी सरकार पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल विकास नहीं, बल्कि समग्र जनकल्याण है। हमारे मंत्री, विधायक और अधिकारी इस लक्ष्य की दिशा में पूरी निष्ठा से कार्य कर रहे हैं।
जन सुनवाई केंद्र का उद्देश्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार की प्राथमिकता जनसुनवाई, सेवा और पारदर्शिता है। उन्होंने बताया कि जनता की समस्याओं के तत्काल समाधान के लिए जन सुनवाई केंद्र एक सशक्त मंच प्रदान करेगा। इससे न केवल शिकायतों का समाधान शीघ्र होगा, बल्कि लोगों का सरकार पर भरोसा भी बढ़ेगा।
पर्यावरण और जनकल्याण पर ज़ोर
सीएम गुप्ता ने बताया कि सरकार प्रदूषण नियंत्रण, सड़क एवं परिवहन सुधार, स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा के क्षेत्र में भी निरंतर सुधारात्मक कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि, “दिल्ली में पर्यावरण सुधार और ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए दीर्घकालिक रणनीतियां बनाई जा रही हैं।”
उन्होंने कहा कि सरकार का हर निर्णय लोगों की भलाई को ध्यान में रखकर लिया जा रहा है। दिल्ली सरकार नागरिकों को बेहतर सेवाएं देने और राजधानी को एक आधुनिक, स्वच्छ और समावेशी शहर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि “हम दिल्ली को प्रधानमंत्री मोदी के ‘विकसित भारत’ विजन के अनुरूप एक मॉडल शहर बनाएंगे।”
कमजोर वर्गों के लिए वरदान साबित हो रही हैं ये योजनाएं
इस अवसर पर भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज भी मौजूद रहीं। उन्होंने मुख्यमंत्री गुप्ता के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि दिल्ली में आयुष्मान भारत, वय वंदना योजना जैसी केंद्र सरकार की योजनाओं को सफलतापूर्वक लागू किया गया है। स्वराज ने कहा, “ये योजनाएं समाज के कमजोर वर्गों के लिए वरदान साबित हो रही हैं और इससे यह स्पष्ट होता है कि केंद्र व राज्य सरकार मिलकर दिल्ली की प्रगति के लिए काम कर रही हैं।”