PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहली बार इस साल स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश की जनता को अपने 12वें संबोधन का भागीदार बनाने का फैसला लिया है। इसके लिए उन्होंने देशवासियों से अपील की है कि वे उन विषयों पर अपने सुझाव साझा करें, जिन्हें वे 15 अगस्त के भाषण में शामिल होते देखना चाहते हैं।
पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा ये पोस्ट
प्रधानमंत्री ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच ‘X’ पर लिखा, “जैसे-जैसे हम इस वर्ष के स्वतंत्रता दिवस के करीब आ रहे हैं, मैं अपने देशवासियों से सुझाव पाने को उत्सुक हूं! ऐसे कौन से विचार या विषय हैं, जिन्हें आप इस साल के स्वतंत्रता दिवस भाषण में सुनना चाहेंगे?” उन्होंने देश के नागरिकों से आग्रह किया कि वे अपने सुझाव ‘माईगव’ (MyGov) पोर्टल या ‘नमो ऐप’ के माध्यम से भेजें।
जनभागीदारी का शानदार प्रयास
प्रधानमंत्री मोदी का यह कदम उनकी जनभागीदारी और संवाद पर आधारित नेतृत्व शैली को दर्शाता है, जिसमें वे लगातार देश के नागरिकों को राष्ट्रीय संवाद में शामिल करते रहे हैं। स्वतंत्रता दिवस का भाषण ऐतिहासिक रूप से वह मंच रहा है जहां प्रधानमंत्री देश की उपलब्धियों, चुनौतियों और भविष्य की योजनाओं को साझा करते हैं। हर साल प्रधानमंत्री लाल किले की प्राचीर से न सिर्फ नीतिगत घोषणाएं करते हैं, बल्कि देश की सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक दिशा को भी रेखांकित करते हैं। जनता से सुझाव मांगना इस दिशा में एक और प्रयास है ताकि लोगों की भावनाएं और अपेक्षाएं सीधे देश के सर्वोच्च नेतृत्व तक पहुंच सकें।
आप भी पीएम मोदी को दे सकते हैं सुझाव
देश का कोई भी नागरिक पीएम मोदी को अपने सुझाव लिख कर भेज सकता है। इस साल का स्वतंत्रता दिवस ‘जन-संवाद’ और ‘जन-सहभागिता’ की भावना को आगे बढ़ाने का अवसर बनने जा रहा है।
देशभर से नागरिकों के सुझाव प्राप्त होने के बाद प्रधानमंत्री अपने संबोधन में कुछ प्रमुख विचारों को शामिल कर सकते हैं, जो देश के भविष्य निर्माण में सहायक होंगे।