Himachal weather and rain update: हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। आगामी दिनों में राज्य के कई जिलों में तेज बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 29 जुलाई से 3 अगस्त तक के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, इस दौरान प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से भारी बारिश हो सकती है।
31 जुलाई से बढ़ेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग के मुताबिक, 28 से 30 जुलाई तक प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। लेकिन 31 जुलाई से 3 अगस्त तक कई इलाकों में मौसम और बिगड़ सकता है। इस अवधि में लगातार बारिश की संभावना है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है। बीते 24 घंटे के दौरान भी कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश दर्ज की गई है।
अलर्ट की स्थिति
विभाग ने 29 जुलाई के लिए उना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं 30 जुलाई को कांगड़ा, कुल्लू और मंडी में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी देते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। इसी दिन इन जिलों के कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश और गरज-चमक की भी संभावना जताई गई है। इसके अलावा, 31 जुलाई को चंबा और सिरमौर जिलों के लिए येलो अलर्ट है, जबकि 1 अगस्त को सिरमौर जिले में फिर से भारी बारिश की चेतावनी दी गई है
प्रशासन की अपील
बारिश के इस दौर को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। भारी बारिश के कारण भूस्खलन और सड़कों के बाधित होने की आशंका बनी हुई है। प्रशासन ने नागरिकों से मौसम विभाग के अलर्ट पर नजर बनाए रखने और आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है।