दिल्ली में रात से ही जारी है भारी बारिश, गर्मी का प्रकोप कम होने से मौसम हुआ सुहावना

Delhi Rain

Delhi Rain: (नई दिल्ली): राजधानी में सोमवार की आधी रात से ही बारिश का सिलसिला जारी है। इससे गर्मी का प्रकोप काफी हद तक कम हो गया है। इसके साथ ही मौसम सुहावना हो गया है। इस दौरान मौसम विभाग ने मंगलवार को तेज दिल्ली में और तेज बारिश का ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है। सुबह से ही बादल झमाझम बरस रहे हैं। बारिश के कारण राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में जलभराव भी हो गया है। इससे लोगों को सुबह के व्यस्त समय में दफ्तर और अन्य कार्यों के लिए आवागमन करते वक्त परेशानी का भी सामना करना पड़ा।

कई जगहों पर जाम की स्थिति

बारिश के कारण यात्रियों को कई जगहों पर भारी जाम से भी जूझना पड़ रहा है। आईटीओ, धौला कुआं, नारायणा, पटेल नगर, विजय चौक, जंगपुरा, आरके पुरम, लाजपत नगर, तालकटोरा रोड, रफी मार्ग और रोहिणी जैसे इलाकों में भारी बारिश के कारण जाम की स्थिति है। इसके अलावा पंचकुइयां रोड, मोती बाग, आईटीओ, मुखर्जी नगर और पुल प्रह्लादपुर सहित कई जगहों पर जलभराव की शिकायतें हैं। इससे से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

राजधानी में भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मध्यम से भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के पूर्वी हिस्सों के लिए ‘रेड अलर्ट’ जबकि बाकी इलाकों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है।

क्या है रेड और येलो अलर्ट का मतलब

बता दें कि मौसम विभाग देश में मौसम संबंधी अलर्ट जारी करने के लिए चार रंगों का उपयोग करता है। इनमें ग्रीन (किसी कार्रवाई की जरूरत नहीं), येलो (नजर रखें और निगरानी करते रहें), ऑरेंज (तैयार रहें) और रेड (कार्रवाई/सहायता की जरूरत) के लिए सजग करता है। मौसम विभाग के क्षेत्रीय केंद्र के अनुसार, तीन अगस्त तक भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

24 घंटे में हुई 8 मिलीलीटर बारिश

आईएमडी के अनुसार, दिल्ली में मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटे की अवधि में आठ मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। उसने बताया कि दिल्ली में न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से 0.5 डिग्री कम है। आईएमडी ने मध्यम बारिश होने एवं बादल छाए रहने का अनुमान लगाया है तथा अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *