Operation Sindoor (नई दिल्ली): लोकसभा में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर चर्चा के दौरान विदेश मंत्री एस. जयशंकर जब अपना वक्तव्य दे रहे थे, तब विपक्षी सांसदों ने जोरदार हंगामा किया और बार-बार व्यवधान उत्पन्न किया। इस पर केंद्रीय गृहमंत्री अमितशाह ने तीखी प्रतिक्रिया दी और विपक्ष पर सीधा हमला बोला। अमित शाह ने कहा, “मुझे आपत्ति है कि भारत के विदेश मंत्री, जिन्होंने देश की शपथ ली है, जब बोल रहे हैं, तब विपक्ष को उन पर भरोसा नहीं है, बल्कि उन्हें किसी और देश शायद पाकिस्तान पर भरोसा है।
विपक्ष को कहा-वे लोग 20 साल विपक्ष में ही बैठेंगे
अमित शाह ने कहा कि विपक्ष को पाकिस्तान पसंद है। शायद यही वजह है कि वे विपक्षी बेंचों पर बैठे हैं और आने वाले 20 वर्षों तक वहीं बैठेंगे।” उन्होंने आगे कहा कि जब विपक्ष के नेता बोल रहे थे, तब सत्ता पक्ष ने उन्हें शांतिपूर्वक सुना, लेकिन अब वे सत्य भी नहीं सुन पा रहे हैं।
बैठे-बैठे टोका-टाकी करना सबको आता है,” शाह ने जोड़ा, “मगर जब किसी गंभीर विषय पर चर्चा हो रही हो, तो सरकार के मंत्री को बीच में टोकना विपक्ष को शोभा नहीं देता। अमित शाह ने लोकसभा अध्यक्ष से अपील की कि वे विपक्ष को अनुशासित करें, नहीं तो “हम भी अपने सदस्यों को बाद में नहीं रोक पाएंगे।