डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि पर पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि, कहा- युवाओं के लिए हैं प्रेरणा स्रोत

APJ Abdul Kalam Death Anniversary: (नई दिल्ली) भारत रत्न और देश के 11वें राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि पर रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने डॉ. कलाम को एक प्रेरक दूरदर्शी, उत्कृष्ट वैज्ञानिक, मार्गदर्शक और महान देशभक्त बताया।

प्रधानमंत्री मोदी ने ‘X’ पर अपने संदेश में लिखा:

“हमारे प्रिय पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि। राष्ट्र के प्रति उनका समर्पण अनुकरणीय था। उन्हें एक प्रेरणादायक वैज्ञानिक और दूरदर्शी नेता के रूप में याद किया जाता है। उनके विचार आज भी देश के युवाओं को एक विकसित और मजबूत भारत के निर्माण की दिशा में प्रेरित करते हैं।”

मनोहर लाल खट्टर ने भी मिसाइलमैन को दी श्रद्धांजलि

“महान वैज्ञानिक एवं पूर्व राष्ट्रपति, भारत रत्न डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम जी की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि। उनका सम्पूर्ण जीवन भारत को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए समर्पित रहा। उनके विचार और आदर्श सदैव हमारा मार्गदर्शन करते रहेंगे। डॉ. कलाम का जन्म 15 अक्टूबर 1931 को तमिलनाडु के रामेश्वरम में हुआ था। वे एक सामान्य परिवार से उठकर भारत के अंतरिक्ष और रक्षा अनुसंधान कार्यक्रमों में अग्रणी बने। उन्होंने भारत के मिसाइल विकास कार्यक्रम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसके कारण उन्हें ‘मिसाइल मैन’ की उपाधि मिली।

डॉ. कलाम 2002 से 2007 तक भारत के राष्ट्रपति रहे और अपनी सादगी, विद्वत्ता तथा युवाओं के प्रति समर्पण के लिए लोकप्रिय हुए। उनका निधन 27 जुलाई 2015 को शिलॉंग में एक व्याख्यान के दौरान हृदयाघात से हुआ था। आज उनकी पुण्यतिथि पर देशभर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। छात्र, शिक्षक और वैज्ञानिक समुदाय उन्हें याद कर रहे हैं और उनके विचारों से प्रेरणा ले रहे हैं। डॉ. कलाम का जीवन संदेश देता है कि बड़े सपने देखने वाले ही देश को ऊँचाइयों तक ले जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *