(पानीपत) केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने आज पानीपत में आयोजित CET परीक्षा के दौरान विभिन्न सेंटरों का निरीक्षण किया। परीक्षा केंद्रों के बाहर पहुंचे मंत्री को देख परीक्षार्थियों के अभिभावक चकित रह गए। मौके पर उन्होंने न केवल व्यवस्थाओं का जायजा लिया, बल्कि वहां मौजूद अभिभावकों से संवाद भी किया।
अभिभावकों से। लिया फीडबैक
केंद्रीय मंत्री ने परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों के परिजनों से बातचीत कर उनकी प्रतिक्रियाएं जानीं। अधिकांश अभिभावकों ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा परीक्षा के लिए की गई व्यवस्थाएं संतोषजनक और सुगम रही हैं। कुछ ने शटल सुविधा, पेयजल और ट्रैफिक कंट्रोल जैसी व्यवस्थाओं की भी सराहना की। मनोहर लाल ने परीक्षा देने आए विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि परीक्षा में किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभागों को पहले से निर्देश दिए गए थे।
परीक्षा संचालन को लेकर सतर्कता
निरीक्षण के दौरान केंद्रीय मंत्री ने संबंधित अधिकारियों से भी मुलाकात की और निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान किसी भी अभ्यर्थी या उनके परिजनों को असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि परीक्षाएं पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ आयोजित हों, यह राज्य सरकार की प्राथमिकता है।