दिल्ली में अब इलाज होगा आसान और डिजिटल, सीएम रेखा गुप्ता ने HIMS सिस्टम किया का शुभारंभ

HIMS Launch Delhi: दिल्ली की स्वास्थ्य सेवाएं अब एक नई डिजिटल दिशा में बढ़ चुकी हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को राजधानी में हेल्थ इंफॉर्मेशन मैनेजमेंट सिस्टम (HIMS) का शुभारंभ किया। इसके साथ ही राजधानी में मरीज, डॉक्टर और अस्पताल अब एक साझा डिजिटल नेटवर्क से जुड़ गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस नई व्यवस्था से मरीजों को अस्पतालों में लंबी कतारों से निजात मिलेगी। अब अपॉइंटमेंट के लिए लाइन में खड़े होने की ज़रूरत नहीं होगी। लोग अपने मोबाइल या कंप्यूटर के जरिए ऑनलाइन अपॉइंटमेंट बुक कर सकेंगे और डिजिटल ओपीडी स्लिप भी प्राप्त कर सकेंगे।

डिजिटल हेल्थ नेटवर्क से जुड़ेगा पूरा सिस्टम

HIMS के ज़रिए दिल्ली की सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणाली को पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी बनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री गुप्ता ने इसे “जनसेवा में दक्षता और जवाबदेही का मजबूत कदम” बताया। उन्होंने कहा कि यह सुविधा राजधानी के लोगों के लिए एक बड़ी राहत है। अब तक दिल्ली में 93 लाख से ज्यादा आभा हेल्थ आईडी बनाए जा चुके हैं। अब हर मरीज का मेडिकल रिकॉर्ड डिजिटल रूप में सुरक्षित रहेगा, जिससे डॉक्टरों को मरीज का इलाज करने में ज्यादा सटीकता और सहूलियत मिलेगी।

यह प्रणाली नेक्स्टजेन ई-हॉस्पिटल सॉफ्टवेयर पर आधारित है, जिसे आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट से जोड़ा गया है। यह डेटा की सुरक्षित और केंद्रीकृत ट्रैकिंग सुनिश्चित करता है। वर्तमान में यह सुविधा 35 सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध है और जल्द ही इसे सभी सार्वजनिक स्वास्थ्य संस्थानों में चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।

नए आरोग्य मंदिर और जन औषधि केंद्र भी शुरू

HIMS के साथ-साथ मुख्यमंत्री ने गुरुवार को 34 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों और 8 जन औषधि केंद्रों का भी उद्घाटन किया। ये हेल्थ सेंटर शिलामपुर, कालकाजी, बुराड़ी, यमुना विहार, शकूर बस्ती, मालवीय नगर, पश्चिम विहार और बेगमपुर समेत विभिन्न इलाकों में खोले गए हैं।

आरोग्य मंदिरों में लोगों को टीकाकरण, मातृ-शिशु देखभाल, स्वास्थ्य सलाह और योग जैसी प्राथमिक सेवाएं उपलब्ध होंगी। वहीं, जन औषधि केंद्रों के ज़रिए ज़रूरी दवाइयां सस्ती दरों पर मिल सकेंगी। सरकार का उद्देश्य है कि गरीब और ज़रूरतमंद वर्ग तक स्वास्थ्य सुविधाएं आसानी से पहुंचें।

विज्ञापन की नहीं काम की है सरकार

स्वास्थ्य मंत्री पंकज सिंह ने बताया कि सिर्फ एक महीने के भीतर 68 आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार केवल घोषणाएं नहीं करती, बल्कि ज़मीनी स्तर पर काम कर रही है। “यह विज्ञापन की नहीं, काम की सरकार है

AAP पर किया कटाक्ष

सीएम गुप्ता ने पिछली सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि स्वास्थ्य के नाम पर भारी खर्च हुआ, लेकिन एक भी परियोजना पूरी नहीं हुई। कोविड काल में भी कोई नया अस्पताल चालू नहीं हो सका। सिर्फ ढांचे और पोर्टा केबिन छोड़ दिए गए न डॉक्टर थे, न दवाएं और न ही कोई जवाबदेही। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली को अब सुपर-स्पेशलिटी अस्पतालों और अत्याधुनिक सुविधाओं का केंद्र बनाया जाएगा, ताकि देशभर से लोग इलाज के लिए यहां आएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *