दिल्ली विश्वविद्यालय में 72 हजार सीटें आवंटित, दाखिले की तैयारी में जुटे छात्र

Delhi University

DU Admission (नई दिल्ली): दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) में स्नातक में एडमिशन के लिए सीटों की आवंटन प्रक्रिया शुरू हो गई है। पहले दौर में 72,659 छात्रों को सीटें आवंटित कर दी गई हैं। छात्रों ने इन सीटों को स्वीकार कर लिया है। यह आंकड़ा रविवार रात 9:40 बजे तक का है, जब विश्वविद्यालय ने सीएसएएस-यूजी (साझा सीट आवंटन प्रणाली-स्नातक) की पहली सूची जारी की। इस वर्ष विश्वविद्यालय ने 93,166 सीटों का आवंटन किया है, जो पिछले वर्ष (71,624 सीटों) की तुलना में काफी अधिक है।

इस बार पहले से अधिक सीटें आवंटित

अधिकारियों के अनुसार यह वृद्धि छात्रों द्वारा कॉलेजों के बीच सीट परिवर्तन की प्रवृत्ति को ध्यान में रखते हुए की गई है। डीयू के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “पिछले वर्षों के रुझान को देखते हुए अधिक सीटें आवंटित की गई हैं क्योंकि कई छात्र कॉलेज बदलना चाहते हैं।”

किसे कितनी सीटें मिलीं?

यह आवंटन डीयू के 69 कॉलेजों में संचालित 79 स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए किया गया है। सभी प्रमुख श्रेणियां सामान्य, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस, एससी, एसटी, सिख अल्पसंख्यक, दिव्यांग, कश्मीरी प्रवासी, इकलौती पुत्री, अनाथ आदि शामिल हैं। इकलौती पुत्री श्रेणी में: 1,325 सीटें और अनाथ छात्रों को: 259 सीटें (जिसमें 127 छात्राएं और 132 छात्र) दी गई हैं।

क्या है समय-सीमा

सीट स्वीकार करने की अंतिम तिथि 21 जुलाई, शाम 4:59 बजे रखी गई है। कॉलेज स्तर पर सत्यापन और अनुमोदन 22 जुलाई तक किया जाएगा। शुल्क भुगतान की अंतिम तिथि 23 जुलाई है। दूसरे दौर की सीट आवंटन सूची 28 जुलाई को शाम 5 बजे जारी होगी। सत्र प्रारंभ (प्रथम वर्ष) 1 अगस्त से होगा। डीयू ने यह भी स्पष्ट किया है कि हिंदुस्तानी संगीत, कर्नाटक संगीत, ताल वाद्य, शारीरिक शिक्षा जैसे प्रदर्शन आधारित पाठ्यक्रमों के लिए सीट आवंटन तीसरे दौर में किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *