अमरनाथ यात्रा 2025: उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने की बालटाल में तैयारियों की समीक्षा

Amarnath Yatra 2025:(बालटाल):जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शनिवार को श्री अमरनाथ यात्रा 2025 की तैयारियों की समीक्षा के लिए बालटाल आधार शिविर का दौरा किया। उन्होंने यात्रा से जुड़े सभी प्रशासनिक, सुरक्षा और स्वास्थ्य इंतजामों की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को तीर्थयात्रियों के लिए एक सुरक्षित, सुचारू और परेशानी मुक्त यात्रा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।)

उपराज्यपाल ने इस दौरान नागरिक प्रशासन, पुलिस, सेना, ITBP, स्वास्थ्य विभाग, नगर निकाय और यात्रा संचालन से जुड़े अन्य प्रमुख विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने विशेष रूप से यात्रा मार्ग, आधार शिविरों में रहने की व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाएं, साफ-सफाई, ट्रैफिक नियंत्रण और मौसम से संबंधित आपातकालीन प्रबंधन पर चर्चा की।

यात्रा समन्वय को बताया सफलता की कुंजी

उपराज्यपाल सिन्हा ने कहा कि अमरनाथ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रशासनिक समन्वय और सेवा भावना की परीक्षा भी होती है। उन्होंने सभी विभागों को एक-दूसरे के साथ पूर्ण तालमेल में कार्य करने का निर्देश दिया ताकि तीर्थयात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने यह भी कहा कि यात्रा मार्गों पर तकनीकी सहायता, निगरानी कैमरे और आपातकालीन कॉल रिस्पांस टीमों को पूरी तरह सक्रिय रखा जाए। स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त स्टाफ और दवाओं के साथ तैनात रहने के निर्देश दिए गए।

सेवा भाव रखने वालों को सराहा

बालटाल दौरे के दौरान उपराज्यपाल ने सेवा प्रदाताओं, स्वयंसेवी संगठनों, लंगर समितियों और यात्रा से जुड़े अन्य स्टेकहोल्डरों से मुलाकात की। उन्होंने अमरनाथ यात्रा जैसे विशाल धार्मिक आयोजन में इनके योगदान की प्रशंसा करते हुए कहा आप सभी का निःस्वार्थ सेवा भाव ही इस पवित्र यात्रा को सफल बनाता है। प्रशासन आपके साथ मिलकर इसे और भी सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।”

मौसम और आपदा प्रबंधन पर विशेष ध्यान

इस बार की यात्रा में मौसम की अनिश्चितता, भूस्खलन, और बाढ़ की संभावनाओं को देखते हुए सुरक्षा और आपदा प्रबंधन की व्यवस्थाओं को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। यात्रा मार्गों पर राहत शिविर, मेडिकल यूनिट और नियंत्रण कक्षों की स्थापना की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *