उत्तराखंड में भारी बारिश का कहर, कुमाऊं में रेड अलर्ट जारी

Heavy rain in Uttarakhand: (देहरादून): उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल के कई हिस्सों में रविवार को भीषण वर्षा की आशंका के मद्देनजर रेड अलर्ट जारी किया गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शनिवार को चेतावनी देते हुए बताया कि नैनीताल, चंपावत और उधम सिंह नगर जिलों में अत्यधिक वर्षा हो सकती है। विभाग ने गढ़वाल के देहरादून, टिहरी और पौड़ी, तथा कुमाऊं के बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में भी भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।

पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह

तेज बारिश और भूस्खलन की संभावनाओं को देखते हुए प्रशासन ने पर्यटकों की आवाजाही पर रोक लगाने की तैयारी शुरू कर दी है। विशेष रूप से ऊपरी हिमालयी क्षेत्रों में, मौसम खराब रहने पर यात्रियों को यात्रा की अनुमति नहीं दी जाएगी।प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन से निपटने के लिए मशीनरी पहले से तैयार रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, आम लोगों से अपील की गई है कि वे मौसम से जुड़ी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें और अनावश्यक यात्रा से बचें।

सभी विभाग अलर्ट पर

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के उप सचिव शिवशंकर मिश्रा द्वारा सभी जिलाधिकारियों को पत्र भेजकर आदेश दिया गया है कि सभी पुलिस थानों, चौकियों और आपदा प्रबंधन केंद्रों पर उपकरण और वायरलेस सेट पूरी तरह सक्रिय रहें। एनएचएआई, पीडब्ल्यूडी, पीएमजीएसवाई और सीपीडब्ल्यूडी को निर्देश दिए गए हैं कि यदि किसी सड़क पर मलबा या बाधा आती है तो तुरंत सफाई कार्य शुरू किया जाए। सभी ग्राम विकास अधिकारी, राजस्व अधिकारी और पंचायत प्रतिनिधियों को अपने क्षेत्र में तैनात रहने और हर हाल में मोबाइल फोन चालू रखने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *