भारत में भी दौड़ेगी टेस्ला कार, मुंबई में खुला पहला सेंटर

Tesla car center open in Mumbai: (मुंबई) दुनिया की प्रमुख इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनी टेस्ला ने मंगलवार को मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) में अपना पहला ‘टेस्ला एक्सपीरियंस सेंटर’ लॉन्च कर भारत में आधिकारिक रूप से प्रवेश कर लिया है। इस अवसर पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सेंटर का उद्घाटन किया।

सीएम फडणवीस ने कहा कि यह टेस्ला का भारत में एक नया अध्याय है और महाराष्ट्र सरकार चाहती है कि कंपनी अनुसंधान, विकास और विनिर्माण की अपनी गतिविधियां भारत में ही स्थापित करे। उन्होंने भरोसा जताया कि टेस्ला भविष्य में इस दिशा में विचार जरूर करेगी।”हम चाहते हैं कि टेस्ला भारत में ही रिसर्च और मैन्युफैक्चरिंग करे और इस यात्रा में महाराष्ट्र उसका विश्वसनीय साझेदार बने,”

10 साल पहले टेस्ला पर आया था दिल

फडणवीस बताया कि उन्होंने 2015 में अमेरिका में पहली बार टेस्ला चलाई थी और तभी से यह इच्छा थी कि ऐसी कार भारत में भी उपलब्ध हो। टेस्ला का मुंबई में पहला सेंटर खोलना यह दिखाता है कि कंपनी को भारत के बाजार और महाराष्ट्र राज्य पर विश्वास है। “टेस्ला ने भारत के सबसे सही शहर और राज्य में कदम रखा है।” साथ ही उन्होंने राज्य सरकार की नीतियों को चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर, वाहन प्रोत्साहन और निर्माण के क्षेत्र में देश की सबसे बेहतर नीतियों में से बताया। इस बीच, टेस्ला इंडिया ने पिछले महीने लोढ़ा लॉजिस्टिक्स पार्क, मुंबई में लगभग 24,565 वर्गफुट का वेयरहाउस भी 5 साल की अवधि के लिए लीज पर लिया है, जो इसके भारत में लॉजिस्टिक विस्तार की रणनीति को दर्शाता है।

क्या होता है एक्सपीरियंस सेंटर

टेस्ला एक्सपीरियंस सेंटर’ पारंपरिक शोरूम से अलग होते हैं। यहां ग्राहक न केवल टेस्ला गाड़ियों को देख सकते हैं, बल्कि उनकी तकनीक, डिजाइन और नवाचार को भी सीधे अनुभव कर सकते हैं।

गौरतलब है कि केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी ने जून में कहा था कि टेस्ला वर्तमान में भारत में गाड़ियां बनाने में रुचि नहीं रखती, बल्कि प्रदर्शन केंद्र (शोरूम) स्थापित करना चाहती है। टेस्ला की यह शुरुआत भारत के ईवी बाजार के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *