हिमाचल के सीएम सुक्खू ने नितिन गडकरी और अमित शाह से की मुलाकात, मांगा आपदा में सहयोग

CM Sukhu met Amit shah and Gadkari: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की और प्रदेश में हाल की बारिश, भूस्खलन और बाढ़ से हुए व्यापक नुकसान की जानकारी दी। सीएम ने बताया कि प्राकृतिक आपदाओं से राज्य को अब तक करीब 1,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने शाह से राहत और पुनर्वास कार्यों में मदद मांगी। वहीं सड़कों के पुनर्निर्माण के लिए नितिन गडकरी से उदार सहायता का आग्रह किया।

सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार SDRF और NDRF के माध्यम से युद्ध स्तर पर कार्य कर रही है, लेकिन पुनर्निर्माण कार्यों पर खर्च की सीमा बेहद सीमित है। मुख्यमंत्री ने केंद्र से इस व्यय सीमा को 10% से बढ़ाकर 30% करने की मांग की, जिससे राहत कार्यों को और अधिक प्रभावी तरीके से अंजाम दिया जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि इस विषय पर उनकी गृह मंत्री से पहले फोन पर भी चर्चा हुई थी। सुक्खू ने भरोसा जताया कि केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश को हर संभव सहायता प्रदान करेगी और राज्य को जल्द सामान्य स्थिति में लाने में सहयोग करेगी।

सीएम ने सुनाई तबाही की दास्तान

मुख्यमंत्री ने बताया कि 20 जून को मानसून के आगमन के बाद से राज्य में 31 बार अचानक बाढ़, 22 बार बादल फटने और 18 बार भूस्खलन की घटनाएं हुई हैं, जिससे प्रदेश के बुनियादी ढांचे, विशेष रूप से सड़कों और पुलों को भारी नुकसान पहुंचा है। सुक्खू ने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और पुनर्निर्माण कार्यों को शीघ्र शुरू करने में सहायता दी जाए। उन्होंने प्रधानमंत्री गति शक्ति योजना के अंतर्गत कुछ प्रमुख सड़कों को शामिल करने का अनुरोध भी किया ताकि प्रोजेक्ट्स को त्वरित स्वीकृति और फंडिंग मिल सके।

मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी बयान के अनुसार, सुक्खू ने राज्य में चल रही राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं में हो रही देरी पर चिंता जताई और निर्माण कार्य जल्द आरंभ करने की अपील की। उन्होंने सुरंग निर्माण पर विशेष बल देते हुए कहा कि इससे हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्य में पर्यावरणीय नुकसान कम होगा और यातायात निर्बाध रहेगा।

रोपवे परियोजना को मंजूरी देने का किया आग्रह

बैठक में सामरिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण सड़कों का मुद्दा भी उठाया गया, जिनकी फाइलें पहले ही रक्षा मंत्रालय तक पहुंचाई जा चुकी हैं। मुख्यमंत्री ने गडकरी से इन परियोजनाओं पर शीघ्र कार्रवाई का अनुरोध किया। इसके अलावा, उन्होंने राज्य में यातायात जाम की बढ़ती समस्या को ध्यान में रखते हुए नई रोपवे परियोजनाओं को मंजूरी देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि रोपवे हिमाचल में परिवहन का एक सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल विकल्प बन सकता है।

मंत्री ने मदद का दिया आश्वासन

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मुख्यमंत्री को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया और संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से आवश्यक निर्देश जारी करने को कहा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *