गुरुग्राम में टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव का सनसनीखेज मर्डर, पिता ने ही मारी गोली

Tennis player Radhika Yadav murder: (गुरुग्राम): गुरुग्राम के सुशांत लोक इलाके में गुरुवार को टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव की उसके पिता दीपक यादव द्वारा कथित रूप से गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है। गुरुग्राम पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और हर संभावित एंगल को खंगाल रही है, जिनमें घरेलू तनाव, पारिवारिक कलह और हत्या के समय राधिका की मां की भूमिका भी शामिल हैं।

क्या घटना के समय मां मौजूद थीं?

राधिका के चाचा कुलदीप यादव द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर में कहा गया है कि राधिका की मां मंजू यादव घटना के समय उसी पहली मंजिल पर थीं, जहां गोलीबारी हुई। इससे पहले पुलिस ने बताया था कि मंजू यादव उस वक्त नीचे भूतल पर थीं और गोली की आवाज सुनकर ऊपर आईं। इसकी अब जांच की जा रही है।  कुलदीप ने पुलिस से कहा, “मेरी भतीजी एक बहुत अच्छी टेनिस खिलाड़ी थी और उसने कई ट्रॉफियां जीती थीं। मेरी समझ नहीं आ रहा कि उसकी हत्या क्यों की गई ?

क्या हुआ उस सुबह?

कुलदीप यादव ने बताया गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे, उन्होंने तेज आवाज सुनी पहली मंजिल पर पहुंचे । मैंने अपनी भतीजी राधिका को रसोई में खून से लथपथ देखा और रिवॉल्वर ड्राइंग रूम में मिली। मेरा बेटा पीयूष यादव भी दौड़ता हुआ पहली मंजिल पर पहुंचा। हम दोनों राधिका को उठाकर अपनी कार में सेक्टर 56 में स्थित एशिया मैरिंगो अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, राधिका को कम से कम तीन गोलियां पीठ में लगी थीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

राधिका का प्रोफेशनल जीवन और विवाद

राधिका यादव एक प्रतिभाशाली टेनिस खिलाड़ी थीं और उन्होंने हाल ही में इंदौर और कुआलालंपुर में आयोजित आईटीएफ क्वालिफाइंग टूर्नामेंट्स में हिस्सा लिया था। इसके अलावा, उन्होंने एक म्यूजिक वीडियो में भी काम किया था, जिसे लेकर परिवार में तनाव की बात सामने आ रही है। पुलिस ने बताया राधिका की टेनिस अकादमी और उसकी स्वतंत्रता को लेकर उसके पिता दीपक यादव को आपत्ति थी। पूछताछ में दीपक ने यह माना है कि राधिका के कमाने पर निर्भर होने को लेकर वह अक्सर ताने सुनता था, जिससे उसे मानसिक तनाव होता था।

हर एंगल से चल रही है जांच

गुरुग्राम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वह हत्या के पीछे की हर संभावना की बारीकी से जांच कर रही है। पुलिस प्रवक्ता संदीप सिंह ने कहा हत्या का कारण सिर्फ एक पारिवारिक विवाद नहीं हो सकता, बल्कि यह मामला मानसिक असंतुलन, सामाजिक दबाव और व्यक्तिगत असहमति से भी जुड़ा हो सकता है। दीपक यादव के बेटे धीरज यादव घटना के समय घर पर मौजूद नहीं थे। पुलिस राधिका की मां और अन्य परिजनों से पूछताछ कर रही है।

एक होनहार खिलाड़ी की इस त्रासदीपूर्ण मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। एक तरफ उसके सपनों की उड़ान थी, दूसरी ओर घरेलू बंदिशें और मतभेद। अब देखना यह होगा कि पुलिस की जांच किन निष्कर्षों तक पहुंचती है और क्या इस हत्या के पीछे छिपे असली कारण सामने आ पाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *