CM Gupta meeting Amit Shah (नई दिल्ली): राजधानी दिल्ली में यमुना नदी के पुनर्जीवन को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के बीच गृह मंत्रालय में एक महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई।
बता दें कि लगभग डेढ़ घंटे तक चली इस उच्चस्तरीय बैठक में यमुना की सफाई, सीवेज प्रबंधन, जलप्रवाह और जलभराव जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में यह तय हुआ कि यमुना को स्थायी रूप से स्वच्छ और प्रवाहमान बनाने के लिए दिल्ली सरकार और केंद्र सरकार मिलकर कार्य करेंगी। इसके तहत नई रणनीति बनाई जाएगी, जिसका क्रियान्वयन केंद्र की निगरानी में होगा।
सीवेज ट्रीटमेंट से लेकर वाटर फ्लो तक
बैठक में यमुना में गिरने वाले अप्रशोधित सीवेज, सीवर की सफाई, और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट्स (STPs) की स्थिति पर गहन चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि इन सभी क्षेत्रों में अलग-अलग चरणों में अभियान चलाए जाएंगे ताकि यमुना में प्रदूषण की मात्रा कम की जा सके और नदी के जलस्तर को सुधारा जा सके। दिल्ली सरकार इन अभियानों को केंद्र सरकार की सीधी निगरानी में संचालित करेगी ताकि परिणाम ठोस और समयबद्ध हों।
जलभराव से निपटने के लिए भी बनेगी संयुक्त कार्ययोजना
दिल्ली में हर साल मानसून के दौरान होने वाले जलभराव (Water Logging) की गंभीर समस्या को लेकर भी बैठक में सहमति बनी कि अब इसमें भी समन्वित प्रयास होंगे। PWD (लोक निर्माण विभाग), दिल्ली सरकार और गृह मंत्रालय के बीच एक संयुक्त समन्वय समिति गठित की जाएगी, जो ड्रेनेज सिस्टम सुधार, नालियों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था पर विशेष रणनीति बनाएगी।
सीएम का फोकस स्वच्छ और समर्थ दिल्ली
बैठक के बाद मुख्यमंत्री रेखा कहा “यमुना केवल एक नदी नहीं, बल्कि दिल्ली की सांस्कृतिक और पर्यावरणीय पहचान है। हमारा लक्ष्य है कि आने वाले वर्षों में यमुना को न केवल साफ किया जाए, बल्कि उसे एक सतत जीवनदायिनी नदी के रूप में पुनर्जीवित किया जाए। यमुना पुनर्जीवन को लेकर दिल्ली और केंद्र सरकार अब एक ही मंच पर कार्य करती दिखाई दे रही हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और गृह मंत्री अमित शाह की यह बैठक दिल्ली के पर्यावरणीय सुधार की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।