CM Nayab Singh Saini: (चंडीगढ़):हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को चंडीगढ़ में आयोजित क्वॉलिटी एश्योरेंस अथॉरिटी (QAA) की अहम बैठक में प्रदेश की विकास परियोजनाओं की प्रगति और गुणवत्ता को लेकर गहन समीक्षा की। बैठक में मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों और अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश में चल रही सभी निर्माण और विकास परियोजनाएं समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरी की जाएं। उन्होंने यह भी स्पष्ट कर दिया कि अब किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ऐसे होगी प्रोजेक्ट क्वॉलिटी मॉनिटर
मुख्यमंत्री सैनी ने एक अहम घोषणा करते हुए बताया कि सरकार अब GATE क्वालीफाइड यंग प्रोफेशनल्स को चीफ मिनिस्टर इंजीनियरिंग प्रोजेक्ट क्वालिटी मॉनीटर के तौर पर नियुक्त करेगी। यह युवा इंजीनियर राज्य की सभी बड़ी परियोजनाओं की गुणवत्ता की निगरानी करेंगे और रिपोर्ट सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय को देंगे। इस पहल का उद्देश्य है कि तकनीकी रूप से दक्ष और आधुनिक सोच रखने वाले युवा विशेषज्ञ परियोजनाओं में पारदर्शिता, गुणवत्ता और कुशलता सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री ने कहा “हमें पूरा विश्वास है कि ये युवा पेशेवर विकास कार्यों में उत्कृष्ट गुणवत्ता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।”
दी जाएगी ये विशेष ट्रेनिंग
बैठक में मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि इंजीनियरिंग विभाग के सभी संबंधित अधिकारियों को समय-समय पर आवश्यक तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाए, ताकि वे आधुनिक निर्माण तकनीकों, गुणवत्ता मानकों और प्रोजेक्ट मैनेजमेंट में दक्ष हो सकें। इससे अधिकारियों की क्षमता में वृद्धि होगी और वे बेहतर ढंग से कार्य निष्पादन कर पाएंगे।
प्रोजेक्ट की गुणवत्ता की होगी नियमित जांच
मुख्यमंत्री सैनी ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता यह है कि हर विकास परियोजना तय समय सीमा में पूरी हो, और हर स्तर पर उसकी गुणवत्ता की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे सभी प्रोजेक्ट्स की प्रगति रिपोर्ट समय-समय पर प्रस्तुत करें और किसी भी तरह की लापरवाही या तकनीकी खामी पाए जाने पर तुरंत कार्रवाई करें।