नामीबिया पहुंचे पीएम मोदी, अफ्रीका में भारत का बताया विश्वसनीय साझेदार”

Narendra Modi foreign visit:(विंडहोक): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि भारत नामीबिया के साथ द्विपक्षीय सहयोग को और गहरा करना चाहता है। उन्होंने नामीबिया को अफ्रीका में भारत का “मूल्यवान और विश्वसनीय साझेदार” बताया। प्रधानमंत्री मोदी वर्तमान में पांच देशों के अपने दौरे के अंतिम चरण में नामीबिया की राजधानी विंडहोक पहुंचे हैं। पीएम मोदी का नामीबिया आगमन पर पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। विंडहोक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर नामीबिया की अंतरराष्ट्रीय संबंध एवं व्यापार मंत्री सेल्मा अशीपाला-मुसावी ने उनका स्वागत किया। यह भारत के किसी प्रधानमंत्री की नामीबिया में तीसरी और नरेंद्र मोदी की पहली आधिकारिक यात्रा है।

राष्ट्रपति से भेंट और संसद को करेंगे संबोधित

प्रधानमंत्री मोदी अपनी यात्रा के दौरान नामीबिया की राष्ट्रपति डॉ. नेटुम्बो नंदी-नदैतवा के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इसके साथ ही वह नामीबिया की संसद को भी संबोधित करेंगे। मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने विचार साझा करते हुए कहा कुछ देर पहले विंडहोक पहुंचा। नामीबिया एक मूल्यवान और विश्वसनीय अफ्रीकी साझेदार है जिसके साथ हम द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाना चाहते हैं। राष्ट्रपति डॉ. नंदी-नदैतवा से मिलने और संसद को संबोधित करने को लेकर उत्साहित हूं।”

सैम नुजोमा को देंगे श्रद्धांजलि

प्रधानमंत्री मोदी अपनी यात्रा के दौरान नामीबिया के स्वतंत्रता संग्राम के महान नेता और पहले राष्ट्रपति डॉ. सैम नुजोमा को श्रद्धांजलि भी अर्पित करेंगे। डॉ. नुजोमा को नामीबिया के संस्थापक जनक के रूप में सम्मानित किया जाता है और भारत के साथ उनके व्यक्तिगत और राजनयिक संबंध ऐतिहासिक रहे हैं।

अफ्रीका के साथ भारत की नई कूटनीति

विदेश मंत्रालय ने कहा है कि प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा भारत की “ग्लोबल साउथ” नीति का हिस्सा है, जिसके तहत भारत अफ्रीकी देशों के साथ राजनीतिक, आर्थिक और सांस्कृतिक रिश्तों को और मजबूत करने की दिशा में प्रयासरत है। भारत और नामीबिया के बीच ऊर्जा, शिक्षा, चिकित्सा और प्रौद्योगिकी सहित कई क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा देने की संभावनाएं हैं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *