Narendra Modi foreign visit:(ब्यूनस आयर्स):प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार शाम अर्जेंटीना की राजधानी ब्यूनस आयर्स पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। मोदी अर्जेंटीना की दो दिवसीय द्विपक्षीय यात्रा पर हैं और यह यात्रा कई मायनों में ऐतिहासिक मानी जा रही है। यह 57 वर्षों में पहली बार है जब कोई भारतीय प्रधानमंत्री विशेष द्विपक्षीय यात्रा पर अर्जेंटीना पहुंचे हैं।
भारतीय समुदाय से आत्मीय जुड़ाव
एजेइजा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री मोदी का औपचारिक स्वागत किया गया। होटल पहुंचने पर भारतीय समुदाय के लोग “मोदी, मोदी” और “भारत माता की जय” के नारों के साथ उनका जोशीला स्वागत करने पहुंचे। पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी की गईं। प्रधानमंत्री ने प्रवासी भारतीयों से संवाद कर उनके स्नेह के लिए आभार जताया।
रणनीतिक साझेदारी पर होगी चर्चा
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, “द्विपक्षीय यात्रा के लिए ब्यूनस आयर्स पहुंचा हूं। इस यात्रा का मकसद अर्जेंटीना के साथ संबंधों को और सशक्त बनाना है। मैं राष्ट्रपति जेवियर माइली से विस्तृत बातचीत के लिए उत्सुक हूं।” यह उनकी दूसरी अर्जेंटीना यात्रा है पहली बार वह 2018 में G20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने पहुंचे थे। लेकिन इस बार की यात्रा पूरी तरह द्विपक्षीय है और इसका उद्देश्य भारत-अर्जेंटीना संबंधों को नई दिशा देना है। यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच ऊर्जा, कृषि, व्यापार, रक्षा और विज्ञान जैसे क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा देने पर चर्चा होगी। उम्मीद है कि इस यात्रा के माध्यम से कई नए समझौते सामने आएंगे।
नई संभावनाओं की ओर कदम
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, “यह यात्रा भारत और अर्जेंटीना के बीच स्थायी मित्रता का उत्सव है। 57 वर्षों में पहली बार कोई भारतीय प्रधानमंत्री द्विपक्षीय रूप से अर्जेंटीना आया है, जो हमारे संबंधों में एक नया अध्याय जोड़ेगा।” प्रधानमंत्री की यह यात्रा न केवल राजनीतिक बल्कि कूटनीतिक और आर्थिक दृष्टिकोण से भी बेहद अहम है। यह भारत की उस नीति को दर्शाती है जिसमें वह वैश्विक दक्षिण (Global South) के साथ संबंधों को प्राथमिकता दे रहा है। यह ऐतिहासिक यात्रा दोनों देशों के बीच बहुआयामी सहयोग की नींव को और मजबूत करेगी और भारत-अर्जेंटीना संबंधों को भविष्य की नई ऊँचाइयों तक ले जाएगी।