Swami Vivekananda death anniversary (नई दिल्ली): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को महान दार्शनिक, आध्यात्मिक गुरु और राष्ट्रचिंतक स्वामी विवेकानंद की 123वीं पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि विवेकानंद के विचार आज भी भारत को दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।
मोदी ने लिखा “मैं स्वामी विवेकानंद जी को उनकी पुण्यतिथि पर नमन करता हूं। उनके विचार और दृष्टिकोण हमारे समाज के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने हमारे इतिहास और सांस्कृतिक विरासत को लेकर गर्व और आत्मविश्वास की भावना जगाई। उन्होंने सेवा और करुणा के मार्ग पर चलने पर बल दिया।”
एक युवा संत जिसने दुनिया में भारत की छवि बदली
स्वामी विवेकानंद का जन्म 12 जनवरी 1863 को कोलकाता में हुआ था। उनका मूल नाम नरेन्द्रनाथ दत्त था। वे बाल्यकाल से ही दर्शन, वेदांत और आत्मचिंतन की ओर झुकाव रखते थे। उनके जीवन की दिशा तब बदली जब वे रामकृष्ण परमहंस के संपर्क में आए, जो उनके गुरु बने। विवेकानंद ने गुरु के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का बीड़ा उठाया और रामकृष्ण मिशन की स्थापना की। उनकी मृत्यु 4 जुलाई 1902 को मात्र 39 वर्ष की आयु में हुई, लेकिन इस अल्पायु में ही उन्होंने भारत की चेतना को एक नया स्वरूप दिया।
शिकागो में दिया वह ऐतिहासिक भाषण
1893 में अमेरिका के शिकागो में आयोजित विश्व धर्म संसद में स्वामी विवेकानंद द्वारा दिए गए भाषण ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाई। उनका संबोधन “सिस्टर्स एंड ब्रदर्स ऑफ अमेरिका…” के साथ शुरू हुआ, जिसने वहाँ मौजूद हज़ारों श्रोताओं के दिल जीत लिए। उन्होंने भारत की प्राचीन संस्कृति, सहिष्णुता और आध्यात्मिक गहराई को गर्व के साथ प्रस्तुत किया।
इस भाषण के बाद से ही उन्हें दुनिया भर में एक वैश्विक आध्यात्मिक नेता के रूप में पहचाना गया। प्रधानमंत्री मोदी कई बार स्वामी विवेकानंद को अपनी प्रेरणा का स्रोत बता चुके हैं। उन्होंने कहा है कि विवेकानंद के विचारों ने उन्हें युवावस्था से ही प्रभावित किया। पीएम मोदी के अनेक भाषणों और नीतियों में विवेकानंद की शिक्षाओं की झलक मिलती है जैसे सेवा, आत्मनिर्भरता, राष्ट्रवाद, और आध्यात्मिकता।
आज भी प्रासंगिक हैं विवेकानंद के विचार
विवेकानंद का जीवन और दर्शन आज के भारत में भी उतना ही प्रासंगिक है। उन्होंने युवाओं को केवल रोजगार के लिए नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण और सामाजिक परिवर्तन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा था “उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए।”