President Droupadi Murmu:(गोरखपुर): उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में मंगलवार को एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया, जब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय का विधिवत लोकार्पण किया। यह विश्वविद्यालय 268 करोड़ रुपये की लागत से पिपरी भटहट क्षेत्र में बनाया गया है और यह राज्य का पहला आयुष विश्वविद्यालय है इस अवसर पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उपस्थित रहे।
पारंपरिक चिकित्सा को नई पहचान
महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय में छात्रों के लिए आधुनिक प्रयोगशालाएं, शोध केंद्र, डिजिटल लाइब्रेरी और योग प्रशिक्षण केंद्र उपलब्ध होंगे। यहां स्नातक, परास्नातक और शोध स्तर पर आयुष विषयों की पढ़ाई होगी, जिससे आने वाली पीढ़ी पारंपरिक चिकित्सा में नवाचार कर सकेगी। इस विश्वविद्यालय का उद्देश्य भारतीय पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों जैसे आयुर्वेद, योग, यूनानी, सिद्ध और होम्योपैथी को उच्च शिक्षा और आधुनिक शोध के माध्यम से बढ़ावा देना है।
राष्ट्रपति का संदेश
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा,आयुष चिकित्सा प्रणाली न केवल हमारे देश की सांस्कृतिक विरासत है, बल्कि यह स्वास्थ्य और कल्याण का एक सम्पूर्ण तरीका भी है। इस विश्वविद्यालय से इस ज्ञान को विश्व स्तर पर प्रसारित करने का अवसर मिलेगा।” उन्होंने इस पहल को स्वास्थ्य शिक्षा में एक बड़ा सुधार और राष्ट्रीय गौरव बताया।
यह सिर्फ भवन नहीं, भारत का है भविष्य
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा गोरखनाथ की तपोभूमि पर बने इस विश्वविद्यालय से पूर्वांचल को न केवल शिक्षा और स्वास्थ्य में नए अवसर मिलेंगे, बल्कि यह क्षेत्र रोजगार और विकास के नए आयाम भी छुएगा। यह सिर्फ भवन नहीं, भारत का भविष्य है । उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘स्वस्थ भारत’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि इस विश्वविद्यालय से प्रदेश और देश का स्वास्थ्य स्तर सुधरेगा।
गोरखपुर के विकास को नई रफ्तार
गोरखपुर के लोगों ने इस विश्वविद्यालय के लोकार्पण को क्षेत्र के लिए एक बड़ा सौभाग्य बताया। उन्होंने कहा कि इससे न केवल शिक्षा का स्तर बढ़ेगा, बल्कि आयुष चिकित्सा के क्षेत्र में शोध और रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। युवा वर्ग के लिए यह एक नया अवसर होगा जो उन्हें चिकित्सा क्षेत्र में करियर बनाने में मदद करेगा। इस विश्वविद्यालय को आयुष चिकित्सा क्षेत्र में एक शोध और शिक्षा का केंद्र बनने की उम्मीद है।
इससे न केवल प्रदेश बल्कि पूरे देश में पारंपरिक चिकित्सा प्रणालियों को मजबूती मिलेगी। साथ ही यह विश्वविद्यालय योग और आयुर्वेद को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से विकसित करेगा, जिससे विश्व स्तर पर भारतीय चिकित्सा पद्धतियों का प्रचार-प्रसार होगा। गोरखपुर में महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय का उद्घाटन न केवल एक नई शैक्षणिक संस्था के रूप में महत्वपूर्ण है, बल्कि यह भारतीय चिकित्सा परंपरा को पुनर्जीवित करने वाला एक बड़ा कदम भी है। यह कदम प्रदेश और देश दोनों के स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊर्जा लेकर आएगा।