CM नायब सिंह सैनी ने अंत्योदय परिवारों को दी बड़ी सौगात, विवाह शगुन राशि बढ़ाई

हरियाणाः हरियाणा सरकार ने मुख्यमंत्री विवाह शगुन योजना के अंतर्गत पिछड़ा वर्ग (बीसी) के अंत्योदय परिवारों के लिए बड़ी राहत का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस योजना में मिलने वाली शगुन राशि को बढ़ाकर 51,000 रुपये करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

कन्या की शादी के लिए 51 हजार का शगुन

अब राज्य में पिछड़े वर्ग से संबंध रखने वाले अंत्योदय परिवारों को, यदि वे योजना के अन्य सभी मानदंडों को पूरा करते हैं, तो शादी के अवसर पर सरकार की ओर से 51,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इससे पहले इस वर्ग को कम राशि प्राप्त होती थी, लेकिन सरकार ने उनकी सामाजिक और आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए इस सहायता में बढ़ोतरी की है।

एससी को मिलते हैं 71 हजार

सरकार पहले से ही अनुसूचित जाति (SC), विमुक्त जाति (VJ) और टपरीवास समुदायों के पात्र परिवारों को इस योजना के तहत 71,000 रुपये की राशि प्रदान कर रही है। पिछड़ा वर्ग के लिए की गई यह नई घोषणा राज्य सरकार की समावेशी और सामाजिक न्याय आधारित नीति का प्रमाण है।

6 महीने पहले पंजीकरण जरूरी

इस योजना का उद्देश्य राज्य के आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को विवाह जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक अवसरों पर सहयोग देना है, जिससे उन्हें वित्तीय तनाव का सामना न करना पड़े और वे गरिमा के साथ अपनी बेटियों या बेटों की शादी कर सकें। योजना का लाभ पाने के लिए विवाह के छह माह के भीतर विवाह पंजीकरण कराना अनिवार्य है।

ऑनलाइन भी कर सकते हैं आवेदन

बिना विवाह पंजीकरण के योजना का लाभ नहीं मिल सकेगा। पात्र आवेदक इस योजना के लिए shadi.edisha.gov.in पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पोर्टल पर सभी आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने और विवरण भरने के बाद आवेदन को प्रोसेस किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *