105 new Devi e-buses streets Delhi: (नई दिल्ली): राजधानी दिल्ली को एक और आधुनिक परिवहन सुविधा की सौगात मिली है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को 105 नई इलेक्ट्रिक ‘देवी’ (Delhi EV Inter-Connector) बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और साथ ही नरेला के सेक्टर A9 में बने नए बस डिपो का उद्घाटन भी किया। इन बसों को ‘देवी’ नाम दिया गया है और ये पहली बार नारंगी रंग में लायी गई हैं, जो अब तक हरे रंग में चल रही ई-बसों से अलग हैं। मुख्यमंत्री ने इसे राजधानी के लिए एक स्वच्छ, सुरक्षित और तकनीकी रूप से उन्नत सार्वजनिक परिवहन प्रणाली की दिशा में बड़ा कदम बताया।
क्या है इन बसों की खासियत
ये नई बसें नौ मीटर लंबी और पूरी तरह इलेक्ट्रिक हैं और आधुनिक सुविधाओं से लैस हैं। इनमें एयर कंडीशनिंग पैनिक बटन और रीयल-टाइम मॉनिटरिंग सिस्टम जैसी तकनीकें शामिल हैं। ये सुविधाएँ यात्रियों खासकर महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रदान की गई हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि नरेला डिपो का निर्माण केवल 90 दिनों में पूरा किया गया, जो भाजपा सरकार की तेज़ गति से काम करने की सोच को दर्शाता है। उन्होंने इसे दिल्ली के नागरिकों से किए गए वादों को निभाने का प्रतीक बताया।
विपक्ष पर किया कटाक्ष
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस मौके पर पूर्ववर्ती आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने DTC को ₹65,000 करोड़ के घाटे में धकेल दिया और दिल्ली की परिवहन व्यवस्था को नुकसान पहुँचाया।
उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं के लिए शुरू की गई मुफ्त यात्रा योजना में भी भ्रष्टाचार हुआ और जो ‘पैनिक बटन’ लगाए गए, वे सिर्फ दिखावे भर थे।
शुरू किया कार्ड सिस्टम
रेखा गुप्ता ने टिकटिंग प्रणाली को डिजिटल बनाने के पीछे की मंशा को पारदर्शिता और भ्रष्टाचार-नियंत्रण से जोड़ा। उन्होंने कहा हमने कागज़ के टिकट हटाकर कार्ड सिस्टम शुरू किया ताकि किसी तरह की हेराफेरी न हो सके।
भाजपा नेताओं की प्रतिक्रियाएँ
दिल्ली के परिवहन मंत्री पंकज सिंह ने कहा कि ये बसें पहले ही राजधानी की सड़कों पर दौड़ सकती थीं, लेकिन पिछली सरकार की लापरवाही के कारण देरी हुई। उन्होंने कहा, “आज भाजपा सरकार वह काम कर रही है, जिसे पहले ही पूरा हो जाना चाहिए था।”
भाजपा नेता योगेंद्र चंदोलिया ने ‘आप’ द्वारा लगाए गए रीब्रांडिंग के आरोपों को खारिज किया और स्पष्ट किया कि ये पूरी तरह नई बसें हैं, जो भाजपा शासन में खरीदी गई हैं। उन्होंने कहा कि ‘आप’ सरकार ने कभी छोटी ई-बसें नहीं खरीदीं, बल्कि पुरानी बसों को फिर से उपयोग में लाया। नई ‘देवी’ बसें दिल्ली के लिए सिर्फ एक नई सुविधा नहीं हैं, बल्कि एक ऐसा कदम हैं जो पर्यावरण संरक्षण, तकनीक और जनहित को एक साथ जोड़ता है। राजधानी का सफर अब और अधिक स्मार्ट, सुरक्षित और टिकाऊ हो गया है।