Manohar Lal Khattar CPWD program (नई दिल्ली): हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता मनोहर लाल खट्टर ने आज नई दिल्ली के कस्तूरबा नगर में केन्द्रीय लोक निर्माण विभाग (CPWD) द्वारा आयोजित कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने निर्माण क्षेत्र में कौशल विकास को देश के भविष्य के निर्माण का मजबूत स्तंभ बताया।
विकसित भारत 2047 में कौशल विकास की अहम भूमिका
मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के विज़न को साकार करने में कौशल विकास की केंद्रीय भूमिका है। उन्होंने बताया कि निर्माण क्षेत्र में यदि प्रशिक्षित और दक्ष श्रमिकों की संख्या बढ़ाई जाए, तो न केवल गुणवत्ता में सुधार होगा, बल्कि युवाओं को बेहतर रोज़गार के अवसर भी मिलेंगे। निर्माण क्षेत्र में स्किल गैप को भरना समय की आवश्यकता है। CPWD ने इस दिशा में जो पहल की है वह सराहनीय है।
CPWD का लक्ष्य
खट्टर ने जानकारी दी कि इस वित्त वर्ष में CPWD द्वारा लगभग 10,000 श्रमिकों को प्रशिक्षण दिया गया है, और अगले वित्त वर्ष में इस संख्या को बढ़ाकर 25,000 करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए शहरी आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और संसाधनों की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।
CPWD की पहल से निर्माण गुणवत्ता में आएगा सुधार
CPWD देश की प्रमुख निर्माण एजेंसी है, और अब यह केवल निर्माण कार्य तक सीमित न रहकर स्थायी विकास व कौशल निर्माण के क्षेत्र में भी अग्रसर है। यह पहल देशभर में मेसन, प्लंबर, इलेक्ट्रिशियन, बार बेंडर, आदि जैसे कुशल श्रमिकों को प्रशिक्षण देने और उनके लिए रोजगार के नए रास्ते खोलने में सहायक होगी।
आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ा कदम
यह कार्यक्रम ‘स्किल इंडिया’ मिशन, नेशनल स्किल क्वालिफिकेशन फ्रेमवर्क (NSQF) और आत्मनिर्भर भारत अभियान को मजबूत आधार देता है। निर्माण कार्य में कुशल मानव संसाधन के जुड़ने से देश के इंफ्रास्ट्रक्चर विकास में गति आएगी, और श्रमिकों को सामाजिक-आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा सकेगा।