अकाली दल के नेता बिक्रम मजीठिया गिरफ्तार, सुबह विजिलेंस ने मारा था छापा

पूर्व कैबिनेट मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया

Vigilance raids on Majithia House: पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने आज बुधवार को शिरोमणि अकाली दल (SAD) के प्रमुख नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया के अमृतसर में ग्रीन एवेन्यू स्थित आवास पर छापेमारी के बाद गिरफ्तार कर लिया है।इससे पंजाब की राजनीति में उफान आ गया है। SAD के शीर्ष नेताओं ने इसे आप सरकार की साज़िश करार दिया है।

बता दें कि चंडीगढ़ से आई 30 सदस्यीय विजिलेंस टीम ने मजीठिया के घर छापा मारने के बाद यह कार्रवाई की है। इस टीम की अगुआई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (विजिलेंस) लखबीर सिंह ने की। सूत्रों के अनुसार, यह रेड 2021 के ड्रग तस्करी मामले और आय से अधिक संपत्ति (DA) के एक नए मामले से जुड़ी हो सकती है, हालांकि विजिलेंस ने इसका आधिकारिक कारण नहीं बताया।

AAP सरकार पर मजीठिया ने लगाया ये आरोप

छापेमारी के दौरान मजीठिया की पत्नी और SAD विधायक गनीव कौर ने आरोप लगाया कि विजिलेंस टीम बिना पूर्व सूचना के उनके घर में जबरन घुसी। उन्होंने कहा, “सुबह 30 लोग हमारे निजी आवास में धक्का देकर घुसे।” मजीठिया ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर इस कार्रवाई को आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार की राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताया। उन्होंने कहा, “मैंने पहले ही चेतावनी दी थी कि ड्रग मामले में कुछ न मिलने पर सरकार नया फर्जी केस बनाएगी। मैं न झुकूंगा, न चुप रहूंगा।”

क्या हुई बरामदगी

विजिलेंस ने मजीठिया के घर से छापामारी के दौरान कई मोबाइल फोन, 4 लैपटॉप, 2 आईपैड, 8 डायरियां और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए। पंजाब में कुल 25 स्थानों पर छापेमारी हुई, जिनमें से 9 अमृतसर में थे।

पंजाब में राजनीति गर्म

इस बीच, SAD अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल, पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल और अन्य अकाली नेता मजीठिया के समर्थन में उनके घर पहुंचे। सुखबीर ने X पर लिखा, “यह AAP सरकार का राजनीतिक प्रतिशोध है। हम इसका डटकर मुकाबला करेंगे। रेड के बाद मजीठिया को हिरासत में लेकर मोहाली ले जाया गया। 2021 के NDPS एक्ट के तहत दर्ज ड्रग मामले में उनकी जमानत को पंजाब सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी, जो अप्रैल 2025 में खारिज हो गई। मजीठिया इसे AAP की साजिश बताते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *